क्रिकेट

पाकिस्तान के कप्तान सलमान आगा का बड़ा खुलासा, बताया टी20 वर्ल्ड कप में शाहीन अफरीदी खेलेंगे या नहीं?

Salman Ali Agha On Shaheen Afridi: भारत और श्रीलंका की मेजबानी में टी20 वर्ल्ड कप 2026 खेला जाएगा। धीरे-धीरे क्वालिफाइ हुए देश अपना-अपना स्क्वाड घोषित कर रहे हैं। पाकिस्तान ने अभी तक अपनी टीम नहीं घोषित की है, लेकिन उससे पहले ही कप्तान सलमान अली आगा ने बड़ा खुलासा किया है। उन्होंने बताया कि शाहीन अफरीदी टी20 वर्ल्ड कप खेलेंगे या नहीं।

Image

शाहीन शाह अफरीदी पर सलमान आगा का बड़ा बयान।

कराची। पाकिस्तान की टी20 टीम के कप्तान सलमान अली आगा ने उम्मीद जताई है कि तेज गेंदबाज शाहीन शाह अफरीदी घुटने की चोट से उबरकर अगले महीने होने वाले टी20 विश्व कप तक पूरी तरह से फिट हो जाएंगे।

अफरीदी पाकिस्तान के तेज गेंदबाजी आक्रमण के अहम खिलाड़ी हैं तथा भारत और श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में होने वाले विश्व कप में उनकी भूमिका महत्वपूर्ण होगी। सलमान ने दांबुला में पत्रकारों से कहा, 'हमें उम्मीद है कि वह विश्व कप के लिए फिट हो जाएंगे, लेकिन अंतिम फैसला मेडिकल पैनल की सलाह पर (पाकिस्तान क्रिकेट) बोर्ड करेगा।'

रिहैब पर है शाहीन अफरीदी

अफरीदी अभी लाहौर के हाई परफॉर्मेंस सेंटर में पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) के मेडिकल पैनल की देखरेख में रिहैबिलिटेशन से गुजर रहे हैं। ऑस्ट्रेलिया में बिग बैश लीग के एक मैच में फील्डिंग करते समय शाहीन के घुटने में चोट लग गई थी। इसके बाद पीसीबी ने उन्हें रिहैबिलिटेशन के लिए वापस बुला लिया था।

सलमान ने यह भी कहा कि पाकिस्तान विश्व कप के लिए संतुलित और मजबूत टीम तैयार करने में कामयाब रहा है और श्रीलंका में होने वाली श्रृंखला से उनके खिलाड़ियों को परिस्थितियों के अनुकूल होने में मदद मिलेगी। पाकिस्तान विश्व कप के अपने सभी मैच श्रीलंका में खेलेगा।

सलमान ने कहा, 'यह श्रृंखला हमारे खिलाड़ियों के लिए काफी महत्वपूर्ण है और इससे उन्हें परिस्थितियों को समझने में मदद मिलेगी। विशेषकर उन खिलाड़ियों को इससे मदद की मिलेगी जिन्होंने श्रीलंका में ज्यादा क्रिकेट नहीं खेली है।'

    Umesh Kumar
    उमेश कुमारauthor

    उमेश कुमार पत्रकारिता में पिछले 7 वर्षों से सक्रिय हैं। उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से करने के बाद उन्होंने डिजिटल मीडिया में बतौर स्पोर्ट्स राइटर अपनी मजबूत पहचान बनाई। उमेश ने अमर उजाला (प्रिंट), ईटीवी भारत (हैदराबाद), दैनिक भास्कर और दैनिक जागरण जैसे संस्थानों के साथ काम किया है। उमेश ने क्रिकेट की कई बायलेटरल सीरीज, आईपीएल, वर्ल्ड कप, प्रो कबड्डी लीग, फीफा वर्ल्ड कप, हॉकी वर्ल्ड कप और ओलंपिक जैसे बड़े राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। खेलों की गहरी समझ और डेटा-ड्रिवन स्टोरीटेलिंग उनकी लेखनी की खासियत है।

    और पढ़ें
    End of Article