क्रिकेट

IND U19 vs SA U19: वैभव सूर्यवंशी ने बनाया अनोखा वर्ल्ड रिकॉर्ड, 14 साल की उम्र में ऐसा करने वाले बने पहले बल्लेबाज

Vaibhav Suryavanshi World Record: भारतीय युवा स्टार बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी का बल्ला लगातार रन उगल रहा है। साथ ही रिकॉर्ड का अंबार लगाते जा रहे हैं। साउथ अफ्रीका के खिलाफ यूथ वनडे क्रिकेट में एक और शतक जड़कर वैभव सूर्यवंशी ने वर्ल्ड रिकॉर्ड बना दिया है। वह छह अलग-अलग देशों में शतक बनाने वाले सबसे कम उम्र के पहले खिलाड़ी बन गए हैं।

Image

वैभव सूर्यवंशी ने बनाया नया वर्ल्ड रिकॉर्ड।

स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। साउथ अफ्रीका दौरे पर गई भारतीय अंडर-19 टीम के कप्तान वैभव सूर्यवंशी ने एक बार फिर तूफानी पारी खेली है। वैभव सूर्यवंशी ने तीन वनडे मैच की सीरीज के आखिरी मैच में तूफानी शतक जड़कर एक अनोखा वर्ल्ड रिकॉर्ड बना दिया है। वह छह अलग-अलग देशों के खिलाफ शतक जड़ने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ी बने।

इंडिया अंडर-19 और साउथ अफ्रीका अंडर-19 के बीच यूथ वनडे सीरीज का आखिरी वनडे मैच खेला जा रहा है। साउथ अफ्रीका ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी का न्योता मिलने के बाद भारतीय सलामी जोड़ी ने गदर मचा दिया। खासकर वैभव सूर्यवंशी ने।

74 गेंद पर खेली तूफानी पारी

कप्तान सूर्यवंशी ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए 24 गेंद पर अर्धशतक पूरा किया। इसके बाद 63 गेंद पर शतक पूरा किया। सूर्यवंशी ने 74 गेंद पर 127 रन की तूफानी पारी खेली। इस दौरान 9 चौके और 10 छक्के जड़े। उनका स्ट्राइक रेट 171.62 का रहा। शतक पूरा करने के बाद पुष्पा अंदाज में सेलिब्रेट किया।

6 देशों में जड़ चुके हैं शतक

महज 14 साल की उम्र में वैभव सूर्यवंशी ने 6 देशों में शतक लगाने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। इनमें भारत के अलावा यूएई, कतर, इंग्‍लैंड, ऑस्‍ट्रेलिया और साउथ अफ्रीका शामिल हैं। वह अब तक जिस भी देश में खेले हैं, वहां उन्‍होंने शतक लगाया है।

वैभव सूर्यवंशी के अभी तक के शतक-

  1. आईपीएल में शतक
  2. इंग्लैंड के खिलाफ यूथ वनडे शतक और टेस्ट शतक
  3. ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ यूथ टेस्ट शतक
  4. इंडिया ए के लिए राइजिंग एशिया कप में शतक
  5. सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में शतक
  6. अंडर-19 एशिया कप में शतक
  7. विजय हजारे ट्रॉफी में शतक
  8. साउथ अफ्रीका के खिलाफ यूथ वनडे शतक

दर्ज है रिकॉर्ड बुक में नाम

एक तरफ जहां पिछले मैच में वो सबसे तेज अर्धशतक लगाने वाले सबसे युवा कप्तान बने थे। वहीं, इस बार वो अंडर-19 क्रिकेट में सबसे कम उम्र में शतक लगाने वाले कप्तान बन गए हैं। उनका ये नया वर्ल्ड रिकॉर्ड भी उनकी रिकॉर्ड बुक में दर्ज हो चुका है। वैभव ने 63 गेंदों में शतक लगाया है। वैसे अंडर-19 वनडे क्रिकेट में दो सबसे तेज शतकों का रिकॉर्ड पहले से वैभव के नाम दर्ज है।

अंडर-19 वर्ल्ड कप में दिखेगा फिर जलवा

गौरतलब हो कि इस सीरीज के बाद भारतीय टीम अंडर-19 वर्ल्ड कप खेलेगी। वर्ल्ड कप की तैयारियों के लिहाज से भारतीय टीम का सीरीज जीतना बेहद शानदार है। बल्लेबाजों के अलावा गेंदबाजों ने भी दमदार प्रदर्शन किया है। चोट की वजह से रेगुलर कप्तान आयुष महात्रे की जगह इस सीरीज के लिए वैभव को कप्तानी मिली है। वह वर्ल्ड से पहले भारतीय टीम ज्वाइन कर लेंगे।

Umesh Kumar
उमेश कुमारauthor

उमेश कुमार पत्रकारिता में पिछले 7 वर्षों से सक्रिय हैं। उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से करने के बाद उन्होंने डिजिटल मीडिया में बतौर स्पोर्ट्स राइटर अपनी मजबूत पहचान बनाई। उमेश ने अमर उजाला (प्रिंट), ईटीवी भारत (हैदराबाद), दैनिक भास्कर और दैनिक जागरण जैसे संस्थानों के साथ काम किया है। उमेश ने क्रिकेट की कई बायलेटरल सीरीज, आईपीएल, वर्ल्ड कप, प्रो कबड्डी लीग, फीफा वर्ल्ड कप, हॉकी वर्ल्ड कप और ओलंपिक जैसे बड़े राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। खेलों की गहरी समझ और डेटा-ड्रिवन स्टोरीटेलिंग उनकी लेखनी की खासियत है।

और पढ़ें
End of Article