क्रिकेट

'नौकर की तरह बर्ताव': वसीम अकरम के सनसनीखेज दावे पर सलीम मलिक ने किया रिएक्ट, कहा- मैं जानना चाहता हूं कि...

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Nov 29, 2022, 10:47 AM IST

Saleem Malik responds to Wasim Akram's claims: पाकिस्तान के पूर्व दिग्गज तेज गेंदबाज वसीम अकरम ने सलीम मलिक को लेकर सनसनीखेज दावा किया था। पूर्व कप्तान मलिक ने अकरम के दावे पर प्रतिक्रिया दी है और इसे 'पब्लिसिटी स्टंट' करार दिया।

Image

वसीम अकरम और सलीम मलिक

पाकिस्तान के पूर्व धाकड़ तेज गेंदबाज वसीम अकरम ने अपनी बायोग्राफी 'सुल्तान: ए मेमॉयर' में पूर्व कप्तान सलीम मलिक पर बड़ा आरोप लगाया। अकरम ने कहा कि मलिक उनके साथ करियर के शुरुआती दौर में नौकर की तरह बर्ताव करते थे और अपने कपड़े-जूते साफ करने को कहते। अकरम के सनसनीखेज दावे पर मलिक ने रिएक्ट किया है और इसे 'पब्लिसिटी स्टंट' करार दिया। उन्होंने कहा कि जब भी टीम दौरे पर जाती थी तो कपड़े धोने की मशीन होती थी।

मलिक ने 24 न्यूज से कहा, 'मैं जानना चाहता हूं कि अकरम ने ये किस मायने में लिखा। हम जब पाकिस्तान के लिए दौरे पर जाते थे तो वहां कपड़े धोने की मशीनें हुआ करती थीं। उन्हें कभी अपने हाथों का इस्तेमाल नहीं करना पड़ा। अगर मैं संकीर्ण सोच वाला होता तो उसे गेंदबाजी करने का मौका नहीं देता।' पूर्व पाकिस्तानी कप्तान ने आगे कहा कि जब तक वह अकरम से बात नहीं कर लेते या किताब नहीं पढ़ लेते तब तक इस मुद्दे पर कोई टिप्पणी नहीं करना चाहते। मलिक ने कहा कि अकरम ने जिस तरह से कपड़े धुलने और मसाज की बात की, उससे वह खुद की बेइज्जती करा रहा है।

'सुल्तान: ए मेमॉयर' के एक अंश के अनुसार, अकरम ने मलिक को लेकर कहा, 'वह मेरे जूनियर होने का फायदा उठाता था। वह नकारात्मक, स्वार्थी था और मेरे साथ एक नौकर की तरह व्यवहार करता था। उसने मांग की कि मैं उसकी मालिश करूं, उसने मुझे अपने कपड़े और जूते साफ करने का आदेश दिया। मैं गुस्से में था जब रमीज, ताहिर, मोहसिन, शोएब मोहम्मद जैसे टीम के कुछ युवा सदस्यों ने मुझे नाइट क्लबों में आमंत्रित किया।'

गौरतलब है कि अकरम ने 1984 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट डेब्यू किया। अकरम और मलिक कई सालों तक पाकिस्तान क्रिकेट टीम में साथ रहे। मलिक ने 1992 से 1995 तक पाकिस्तान टीम की कमान संभाली और अकरम उनकी कप्तानी में खेले। मलिक को साल 2000 में मैच फिक्सिंग का दोषी पाया गया, जिसके बाद उनके क्रिकेट खेलने पर आजीवन प्रतिबंध लगा दिया गया।

टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article