क्रिकेट

विंबलडन फाइनल से पहले सचिन ने बताया, क्या है अल्काराज की खास खासियत

विंबलडन का मेंस फाइनल मुकाबला रविवार को खेला जाएगा। इससे पहले सचिन तेंदुलकर ने फाइनलिस्ट कार्लोस अल्काराज के बारे में अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने बताया है कि उस खिलाड़ी में ऐसा क्या खास है?

Image

विमंबलडन 2025 (साभार-X Wimbledon)

इंग्लैंड पर इस समय पूरी दुनिया की नजर है। भारत-इंग्लैंड टेस्ट सीरीज के साथ-साथ, वहां विंबलडन भी जारी है। विंबलडन का आनंद लेने के लिए तमाम दिग्गज क्रिकेटर्स टेनिस कोर्ट पहुंच रहे हैं। शुक्रवार को महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर ने भी कार्लोस अल्काराज और टेलर फ्रिट्ज के बीच खेला गया सेमीफाइनल मैच देखा। मैच के बाद सचिन ने जियोहॉटस्टार से बात करते हुए कहा, "मैं जॉन मैकेनरो का प्रशंसक रहा हूं। मुझे याद है, मेरे सभी दोस्त ब्योर्न बोर्ग का समर्थन करते थे, लेकिन किसी वजह से, मैं हमेशा मैकेनरो का समर्थन करता था। मैं उनकी तरह हेडबैंड भी पहनता था, इस उम्मीद में कि जब मैं अपने दोस्तों के साथ रहूंगा तो लोग मुझे मैकेनरो कहेंगे।"

उन्होंने कहा कि बाद के वर्षों में मुझे रोजर फेडरर ने बहुत प्रभावित किया। राफेल नडाल और नोवाक जोकोविच का खेल भी मुझे बहुत अच्छा लगता है। लेकिन, किसी न किसी वजह से फेडरर मुझे ज्यादा प्रभावित करते हैं।

सचिन तेंदुलकर और रोजर फेडरर के बीच दोस्ती चर्चित रही है। तेंदुलकर ने कहा, "मौजूदा खिलाड़ियों में, कार्लोस अल्काराज मुझे प्रभावित करते हैं। उनकी ऊर्जा अद्भुत है। मुझे उनके पैरों में स्फूर्ति, उनका रवैया और फ्रेंच ओपन में दिखाई गई मानसिक दृढ़ता बहुत पसंद है। कभी हार न मानने वाली मानसिकता एक सच्चे चैंपियन की पहचान होती है। सभी टेनिस खिलाड़ी चैंपियन नहीं बनते, लेकिन वे जिस तैयारी और कड़ी मेहनत से गुजरते हैं। उसके लिए मेरे मन में बहुत सम्मान है।"

कार्लोस अल्काराज ने सेमीफाइनल में टेलर फ्रिट्ज को हराकर विंबलडन 2025 के फाइनल में जगह बनाई। अल्काराज ने 6-4, 5-7, 6-3, 7-6 (6) से जीत हासिल की। वहीं, भारत और इंग्लैंड के बीच लॉर्ड्स टेस्ट के पहले दिन सचिन तेंदुलकर ने मैच शुरू होने से पहले पांच मिनट तक ऐतिहासिक घंटी बजाई। उसी दिन, मैरीलेबोन क्रिकेट क्लब (एमसीसी) संग्रहालय में कलाकार स्टुअर्ट पियर्सन राइट द्वारा बनाए गए उनके चित्र का अनावरण किया गया।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article