क्रिकेट

BCCI Naman Awards: सचिन तेंदुलकर ने किसे समर्पित किया लाइफ टाइम अचीवमेंट अवार्ड?

क्रिकेट के भगवान कहे जाने वाले सचिन तेंदुलकर को बीसीसीआई ने कर्नल सीके नायडू लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड से नवाजा है। जानिए मास्टर ब्लास्टर ने किसी समर्पित किया ये अवार्ड?

Image

सचिन तेंदुलकर और जय शाह (साभार BCCI)

मुंबई: महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर को शनिवार को ‘कर्नल सीके नायडू लाइफटाइम अचीवमेंट’ पुरस्कार से नवाजा गया। बीसीसीआई के पूर्व सचिव और आईसीसी के मौजूदा चेयरमैन जय शाह ने सचिन को अपने हाथों से भारतीय क्रिकेट के लिए किए योगदान से सम्मानित किया। भारत के लिए 664 अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने वाले 51 वर्षीय तेंदुलकर के नाम खेल के इतिहास में टेस्ट और वनडे में सबसे अधिक रन बनाने का रिकॉर्ड है। वो 100 अंतरराष्ट्रीय शतक जड़ने वाले दुनिया के एकलौते और टेस्ट क्रिकेट में 50 से ज्यादा शतक जड़ने वाले एकलौते बल्लेबाज हैं।

परिवार के विश्वास,प्यार और बलिदान का परिणाम है ये अवार्ड

कर्नल सीके नायडू लाइफटाइम अचीवमेंट’ पुरस्कार हासिल करने के बाद सचिन तेंदुलकर ने ट्वीट करके इसे उस हर शख्स और प्रशंसक को समर्पित किया जिसने उनकी इस यात्रा में सहयोग किया। तेंदुलकर ने ट्वीट कर कहा,'कर्नल सीके नायडू लाइफटाइम अचीवमेंट पुरस्कार पाकर बहुत सम्मानित महसूस कर रहा हूं। 24 साल तक चली मेरी क्रिकेट यात्रा कभी भी मेरी नहीं रही, यह हर कोच के मार्गदर्शन, हर साथी के भरोसे, हर प्रशंसक के अटूट समर्थन और मेरे परिवार के विश्वास, प्यार और बलिदान का परिणाम है।'

हर किसी का अदा किया शुक्रिया

सचिन ने आगे कहा,'यह पुरस्कार खेल और उन लोगों को वापस देने की याद दिलाता है जिन्होंने मुझे सब कुछ दिया। मुझे खुले दिल और असीमित सीमाओं के साथ भारत के लिए बल्लेबाजी करने का मौका देने के लिए बीसीसीआई और हर क्रिकेट प्रेमी को धन्यवाद।' तेंदुलकर की 16 साल की उम्र में पदार्पण से लेकर वनडे में दोहरा शतक जड़ने वाला पहले बल्लेबाज बनने तक की यात्रा निरंतर उत्कृष्टता की खोज रही और जिसमें वह 200 टेस्ट खेलने वाले एकमात्र क्रिकेटर बने रहे।

युवा क्रिकेटरों को दी अहम सलाह

भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) के वार्षिक पुरस्कार समारोह के दौरान तेंदुलकर ने कहा, 'हमेशा अपने खेल को महत्व दें और अपने खेल का ख्याल रखें। मैं मौजूदा भारतीय क्रिकेटर के तौर पर कभी मैदान पर नहीं उतर पाऊंगा, इसका अहसास मुझे उस अंतिम दिन (2013) हुआ। इसी तरह जब आप संन्यास लेंगे तो आपको अहसास होगा कि आप कुछ साल पहले कहां थे। इसलिए अपने खेल का आनंद लें क्योंकि मौजूदा भारतीय क्रिकेटर के तौर पर आपके अंदर अभी भी बहुत क्रिकेट बचा है और ध्यान भटकाने वाली चीजों से दूर रहें।'

(भाषा इनपुट के साथ)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article