SA W vs NZ W, Women's T20 World Cup Final Highlights: दक्षिण अफ्रीका को मात देकर न्यूजीलैंड महिला टीम पहली बार बनी टी20 वर्ल्ड चैंपियन
SA W vs NZ W ICC Women's World Cup Final Match Highlights: न्यूजीलैंड ने दक्षिण अफ्रीका को मात देकर पहली बार महिला टी20 विश्व कप का खिताब अपने नाम कर लिया है। जीत के लिए मिले 159 रन के लक्ष्य को दक्षिण अफ्रीका टीम नहीं हासिल कर पाई और 32 रन के अंतर से मैच गंवा दिया। ऐसा रहा खिताबी मुकाबले के पल पल का हाल।
SA W vs NZ W, Women's T20 World Cup Final Highlights: दक्षिण अफ्रीका को मात देकर न्यूजीलैंड महिला टीम पहली बार बनी टी20 वर्ल्ड चैंपियन
केर बनीं प्लेयर ऑफ द मैच
अमेलिया केर को उनके शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए फाइनल का प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। केर ने बल्लेबाजी में
43 (38) रन का योगदान दिया इसके बाद 24 रन देकर 3 विकेट भी अपने नाम किए। 10वें ओवर में लौरा वुलवर्ट और एनेके बॉश के विकेट लेकर खिताबी मुकाबले का पासा ही पलट दिया। इन दोहरे झटकों से दक्षिण अफ्रीकी टीम नहीं उबर पाई।
तीसरे प्रयास में मिली सफलता
न्यूजीलैंड की महिला क्रिकेट टीम अपने तीसरे प्रयास में टी20 वर्ल्ड कप का खिताब जीतने में सफल रही है। 14 साल लंबे अंतराल के बाद फाइनल में पहुंची कीवी टीम खिताब अपने नाम करने में सफल रही। इससे पहले साल 2009 और 2010 में उसे फाइनल में इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था। न्यूजीलैंड की पुरुष टीम भी अबतक टी20 वर्ल्ड कप का खिताब अपने नाम नहीं कर सकी है।
लगातार दूसरी बार दक्षिण अफ्रीका की झोली रही खाली
दो साल पहले अपने ही घर पर दक्षिण अफ्रीकी टीम को फाइनल में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ फाइनल में हार मिली थी। दो साल बाद ऑस्ट्रेलिया के पड़ोसी न्यूजीलैंड ने उनकी खिताबी जीत का सपना तोड़ दिया है। दक्षिण अफ्रीका की पुरुष टीम भी टी20 विश्व कप के फाइनल में भारत के खिलाफ रोमांचक मुकाबले में खिताब अपने नाम करने से चूक गई थी। इस लिहाज से दक्षिण अफ्रीकी क्रिकेट फैन्स के लिए ये हार दोहरा झटका है।
टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल मुकाबले में न्यूजीलैंड ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए साउथ अफ्रीका के सामने 159 रन का लक्ष्य रखा। न्यूजीलैंड की ओर से सर्वाधिक 43 रन की पारी एमेलिया केर ने खेली। केर के अलावा ब्रूक हेलीडे ने 38 और सुजी बेट्स ने 32 रन की पारी खेली। शुरुआती झटकों के बाद न्यूजीलैंड की पारी को केर और ब्रूक ने संभाला। दोनों ने चौथे विकेट के लिए 57 रन की साझेदारी की। साउथ अफ्रीका की ओर से नॉनकुलुलेको म्लाबा ने 2 विकेट चटकाए।
केवल एक हार के साथ फाइनल का सफर
विमेंस टी20 वर्ल्ड कप में दोनों टीम के प्रदर्शन की बात करें तो फाइनल तक के सफर में दोनों टीम को केवल एक हार का सामना करना पड़ा है। न्यूजीलैंड को डिफेंडिंग चैंपियन ऑस्ट्रेलिया से हार मिली थी तो साउथ अफ्रीका को इंग्लैंड ने हराया था।
न्यूजीलैंड प्लेइंग इलेवन: सुजी बेट्स, जॉर्जिया प्लिमर, एमेलिया कर, सोफी डिवाइन (कप्तान), ब्रुक हॉलिडे, मैडी ग्रीन, इसाबेल गेज (विकेट कीपर), रोज़मेरी मैयर, ली ताहुहू, ईडन कार्सन, फ्रान जोनास
दक्षिण अफ्रीका प्लेइंग इलेवन: लौरा वुल्वार्ट (कप्तान), ताजमिन ब्रिट्स, एनेके बॉश, क्ले ट्रायॉन, मारिजान काप, सुने लुस, नादिन डी क्लर्क, एनेरी डर्कसेन, सिनालो जाफ़्टा (विकेटकीपर), नॉनकुलुलेको म्लाबा, अयाबोंगा खाका
