क्रिकेट

इस कारण काउंटी क्रिकेट से अलग हुए चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान

चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान रुतुराज गायकवाड़ ने काउंटी क्रिकेट से अपना नाम वापस ले लिया है। यॉर्कशायर ने एक बयान में पुष्टि की कि गायकवाड़ अब उपलब्ध नहीं होंगे। यॉर्कशायर के मुख्य कोच एंथनी मैकग्रा ने कहा, ‘‘दुर्भाग्यवश गायकवाड़ निजी कारणों से अब काउंटी चैंपियनशिप में नहीं खेल पाएंगे।

Image

रुतुराज गायकवाड़ (साभार-X Yorkshire)

भारत के मध्यक्रम के बल्लेबाज और चेन्नई सुपर किंग्स के फैंस के लिए एक बुरी खबर सामने आई है। दरअसल रुतुराज गायकवाड़ जोकि काउंटी क्रिकेट में अपना जलवा दिखाने वाले थे वह अब इससे अलग हो गए हैं। गायकवाड़ ने निजी कारणों से यॉर्कशायर की तरफ से काउंटी चैंपियनशिप से नाम वापस लिया है।28 वर्षीय खिलाड़ी ने यॉर्कशायर के साथ पांच मैचों में खेलने के लिए समझौते पर सहमति व्यक्त की थी, जिसकी शुरुआत 22 जुलाई को स्कारबोरो में मौजूदा चैंपियन सरे के खिलाफ मैच से होनी थी।

लेकिन यॉर्कशायर ने एक बयान में पुष्टि की कि गायकवाड़ अब उपलब्ध नहीं होंगे। यॉर्कशायर के मुख्य कोच एंथनी मैकग्रा ने कहा, ‘‘दुर्भाग्यवश गायकवाड़ निजी कारणों से अब काउंटी चैंपियनशिप में नहीं खेल पाएंगे। यह निराशाजनक है। मैं आपको इसके कारणों के बारे में कुछ नहीं बता सकता, लेकिन हमें उम्मीद है कि सब कुछ ठीक होगा। हमें अभी-अभी पता चला है।’’

इंडियन प्रीमियर लीग में चेन्नई सुपर किंग्स और रणजी ट्रॉफी में महाराष्ट्र की कप्तानी करने वाले गायकवाड़ ने छह वनडे और 23 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं। कोहनी की चोट के कारण वह इस साल आईपीएल में केवल पांच मैच खेल पाए थे। हालांकि, वह शानदार फॉर्म में थे। उन्होंने 5 मैच में 24.40 की औसत से 122 रन बनाए थे जिसमें उनका सर्वाधिक व्यक्तिगत स्कोर 63 रन रहा। गायकवाड़ के सामने अभी सबसे बड़ी चुनौती टीम इंडिया में वापसी करने पर होगी। उन्होंने अपना आखिरी अंतरराष्ट्रीय मुकाबला एक साल पहले जुलाई 2024 में खेला था। जिम्बाब्वे के खिलाफ इस मुकाबले में वह गिल की कप्तानी में उतरे थे। हालांकि, इस मुकाबले में उन्हें बल्लेबाजी करने का मौका नहीं मिला था।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article