क्रिकेट

Ruturaj Gaikwad: रुतुराज गायकवाड़ ने मचाया धमाल, कंगारुओं के खिलाफ जड़ा करियर का पहला अंतरराष्ट्रीय शतक

  • Authored by: नवीन चौहान
  • Updated Nov 28, 2023, 09:52 PM IST

Ruturaj Gaikwad First Century: आईपीएल में चेन्नई सुपर किंग्स के लिए खेलने वाले सलामी बल्लेबाज रितुराज गायकवाड़ ने पहले दो मैचों की नाकामी को भुलाने के बाद कंगारुओं के खिलाफ सीरीज के तीसरे टी20 में शानदार शतक जड़ दिया।

Image

रुतुराज गायकवाड़(साभार BCCI)

गुवाहाटी: भारतीय क्रिकेट का भविष्य माने जाने वाले युवा सलामी बल्लेबाज रितुराज गायकवाड़ का बल्ला दो मैच की खामोशी के बाद ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सीरीज के तीसरे टी20 मुकाबले में चल निकला। रितुराज ने अपने करियर का 17वां टी20आई मैच खेलते हुए अंतरराष्ट्रीय करियर का पहला शतक 52 गेंद में जड़ दिया। रुतुराज ने अपनी 57 गेंद में 123* रन की पारी के दौरान 13 चौके और 7 छक्के जड़े। पारी के दौरान उनका स्ट्राइक रेट 215.78 का रहा। उनकी पारी के बल पर ही भारतीय टीम ने 20 ओवर में 3 विकेट पर 222 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया।

52 गेंद में रितुराज ने पूरा किया शतक

पारी का आगाज करने आए रुतुराज को दूसरे छोर से शुरुआत में साथ नहीं मिला। यशस्वी जायसवाल और ईशान किशन जल्दी-जल्दी पवेलियन लौट गए। ऐसे में 24 रन पर दो विकेट गंवाने के बाद रितुराज ने मोर्चा संभाला। उन्होंने तीसरे विकेट के लिए कप्तान सूर्यकुमार यादव के साथ मोर्चा संभाला और टीम को 81 के स्कोर तक पहुंचाया। सूर्या के आउट होने के बाद रितुराज ने अपने जाने पहचाने अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए 32 गेंद में 9 चौकों की मदद से अपना अर्धशतक पूरा किया। इसके बाद उन्होंने गियर बदलते हुए 52 गेंद में शतक भी पूरा कर लिया।

ग्लेन मैक्सवेल के छुड़ाए छक्के, ओवर में जड़े 30 रन

57 गेंद में नाबाद 123 रन की आतिशी पारी खेलने वाले रुतुराज गायकवाड़ ने पारी के आखिरी ओवर में ग्लेन मैक्सवेल के छक्के छुड़ा दिए और कुल 30 रन ओवर में बटोर लिए। इस ओवर के दौरान रुतुराज ने तीन चौके और दो छक्के जड़े। वो युवराज सिंह के बाद भारत के लिए टी20आई के एक ओवर में दूसरे सबसे ज्यादा रन बटोरने वाले भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं।

पारी के साथ बदले बल्ले के गियर

रुतुराज ने 22 गेंद में 22 रन के साथ रुतुराज ने अपनी शतकीय पारी की शुरुआत की थी। उन्होंने इसके बाद 32 गेंद में अर्धशतक और 52 गेंद में शतक पूरा कर लिया। पारी के आगे बढ़ती ही रुतुराज गियर बदलते गए। कंगारू गेंदबाजों को रुतुरात का कोई तोड़ नजर नहीं आया।

टी20 में भारत के लिए दूसरी सबसे बड़ी पारी

रुतुराज गायकवाड़ टी20आई में भारत के लिए दूसरे सबसे बड़ी पारी खेलने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। अपनी नाबाद 123* रन की पारी के साथ उन्होंने दूसरा स्थान हासिल किया। गायकवाड़ 126 रन खेलने वाले शुभमन गिल से ही पीछे रह गए हैं।

नवीन चौहान
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article