RR vs GT Flashback: आईपीएल के 48वें मैच में जयपुर के सवाई मानसिंह क्रिकेट स्टेडियम में राजस्थान रॉयल्स और गुजरात टाइटंस की टीम आमने-सामने होगी। गुजरात 9 में से 6 मुकाबला जीत कर नंबर वन पर है तो राजस्थान की टीम 9 में से 5 मुकाबला जीत कर 5वें नंबर पर है। यदि उसे टॉप 4 में जगह बनानी है तो यह मुकाबला जीतना होगा।
दोनों टीम की राइवलरी की बात करें तो गुजरात का पलड़ा भारी नजर आता है। दोनों टीम अब तक 4 बार आपस में खेल चुकी है, जिसमें 3 बार बाजी गुजरात के हाथ लगी है तो एक बार राजस्थान रॉयल्स को जीत मिली है। लेकिन आज बात आईपीएल 2022 के फाइनल मुकाबले की जो इन दो टीमों के बीच ही खेला गया था और गुजरात ने आसानी से 7 विकेट से मुकाबला जीत कर पहली बार आईपीएल ट्रॉफी उठाई थी।
कप्तान हार्दिक का ऑलराउंड प्रदर्शन
इस मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए राजस्थान की टीम पूरी तरह से गुजरात के गेंदबाजों के सामने लड़खड़ा गई थी और 20 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर केवल 130 रन ही बना पाई थी। राजस्थान की तरफ से सर्वाधिक 39 रन की पारी जोस बटलर ने खेली थी। गुजरात की तरफ से गेंदबाजी में हार्दिक पांड्या ने सर्वाधिक 3 जबकि साई किशोर ने 2 विकेट झटके थे।
जवाब में गुजरात की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उसने केवल 23 रन के स्कोर पर रिद्धिमान साहा और मैथ्यू वेड का विकेट गंवा दिया। लेकिन शुभमन गिल डंटे रहे और डेविड मिलर के साथ मिलकर उन्होंने गुजरात को 18.1 ओवर नें केवल 3 विकेट के नुकसान पर लक्ष्य तक पहुंचा दिया। गिल ने सर्वाधिक 45, डेविड मिलर ने 32 और कप्तान हार्दिक पांड्या ने 34 रन की पारी खेली। इस सीजन दोनों टीम एकबार भिड़ चुकी है, जहां बाजी राजस्थान ने मारी थी। उम्मीद है कि गुजरात इस हार का बदला लेने में कामयाब होगा।
