क्रिकेट

गलती थी, फिन एलन के विवादित कैच पर पॉवेल ने लगाया अंपायर पर आरोप

कोलकाता और लखनऊ के बीच हुए मैच के दौरान सलामी बल्लेबाज फिन एलन के कैच का विवाद बढ़ता जा रहा है। अब इस पर केकेआर के फिनिशर रोवमैन पॉवेल की प्रतिक्रिया आई है।

Image

कोलकाता और लखनऊ का मैच (साभार-X)

कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के खिलाड़ी रोवमैन पॉवेल ने लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के खिलाफ मैच के दौरान अंपायरों की ’गलती’ की आलोचना की और अपनी टीम की करीबी हार के लिए ईडन गार्डन्स की धीमी पिच को जिम्मेदार ठहराया। एक वक्त लखनऊ का स्कोर 16 ओवर के बाद सात विकेट पर 127 रन था लेकिन बाद में लखनऊ ने युवा बल्लेबाज मुकुल चौधरी की नाबाद 54 रन की पारी की मदद से तीन विकेट से जीत हासिल की।

पॉवेल ने मैच के बाद पत्रकारों से कहा, ’’आप ईडन गार्डन्स को अपना गढ़ बनाना चाहते हैं। यह आपका घरेलू मैदान है और दर्शकों का समर्थन आपको मिलता है। घरेलू मैदान पर खेलने का फायदा उठाना अच्छा लगता है लेकिन इस युवा खिलाड़ी (मुकुल) को श्रेय जाता है। उन्होंने बहुत अच्छी बल्लेबाजी की।’’ केकेआर को चार मैच में एक भी जीत नहीं मिली है। इनमें से तीन मैच उसने अपने घरेलू मैदान पर खेले हैं। एलएसजी के खिलाफ पहले बल्लेबाजी करते हुए अच्छी शुरुआत के बावजूद वह चार विकेट पर 181 रन ही बना पाया।

विवादित कैच पर पॉवेल ने उठाया सवाल

इस मैच में केकेआर के सलामी बल्लेबाज फिन एलन (09) विवादास्पद तरीके से आउट हुए। एलन के बल्ले का ऊपरी किनारा लेकर गेंद डीप थर्ड मैन की सीमा रेखा की तरफ गई जहां खड़े दिगवेश राठी ने उसे कैच किया। रीप्ले से पता चला कि राठी के पैर की उंगलियां बाउंड्री को छू गई थीं। लेकिन मैदानी अंपायर एड्रियन होल्डस्टॉक (दक्षिण अफ्रीका) और अक्षय टोत्रे (भारत) ने तीसरे अंपायर का सहारा नहीं लिया और इस कैच को क्लीन करार दिया।

अंपायर से हुई गलती

पॉवेल ने कहा, ’’बिल्कुल और भी पहलुओं पर गौर किया जाना चाहिए था। जब वह मैदान से बाहर आया तो हमने इस बारे में बात की थी। हमने आईपीएल में देखा है कि अंपायर इससे भी छोटी-छोटी चीजों के लिए तीसरे अंपायर की मदद लेते रहे हैं।’’ उन्होंने कहा, ’’हो सकता है कि यह उनकी तरफ से एक गलती थी, लेकिन हम इसकी जांच नहीं करने जा रहे हैं और यह नहीं कहेंगे कि इसी वजह से आज रात हमें दो अंक गंवाने पड़े।’’

धीमी पिच का हुआ नुकसान

पॉवेल ने कहा कि इस पिच पर स्ट्रोक लगाना इतना आसान नहीं है। उन्होंने कहा, ’’यह ईडन गार्डन्स के उस पारंपरिक विकेट जैसा नहीं था जहां आप क्रीज पर उतरकर ताबड़तोड़ बल्लेबाजी कर देते हैं। यह 220 रन वाला विकेट नहीं था। गेंदबाजों को थोड़ी मदद मिल रही थी, विशेषकर जब उन्होंने धीमी गेंदों का इस्तेमाल किया।’’ केकेआर का अब चार मैचों में सिर्फ एक अंक है, जो उसे सोमवार को पंजाब किंग्स के खिलाफ बारिश के कारण रद्द किए गए मैच से मिला था, लेकिन पॉवेल को स्थिति में सुधार की उम्मीद है।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article