देश

ज्ञानेश कुमार के खिलाफ यूथ कांग्रेस का हल्लाबोल, संसद मार्ग थाने के बाहर प्रदर्शन कर रहे NSUI और यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ता हिरासत में

मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर दिल्ली में एनएसयूआई और यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने संसद मार्ग पुलिस स्टेशन के बाहर प्रदर्शन किया। पुलिस ने कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया। यूथ कांग्रेस ने पुलिस पर कार्यकर्ताओं के साथ दुर्व्यवहार और धक्का-मुक्की का आरोप लगाया। वहीं, संगठन ने मध्य दिल्ली में ‘शिव की बारात’ के होर्डिंग भी लगाए।

Image

संसद मार्ग थाने के बाहर प्रदर्शन कर रहे NSUI-यूथ कांग्रेस कार्यकर्ता हिरासत में। ANI

Photo : ANI

मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर एनएसयूआई और यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ता आज दिल्ली के संसद मार्ग पुलिस स्टेशन के बाहर विरोध-प्रदर्शन करने पहुंचे। हालांकि, पुलिस ने कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले लिया। दरअसल, यूथ कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि पुलिस ने प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस के कार्यकर्ताओं के साथ दुर्व्यवहार किया और धक्का-मुक्की की थी। इसके विरोध में आज यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ता अपने मुख्यालय से पैदल मार्च निकालकर संसद मार्ग थाने तक पहुंचे थे।

गौरतलब है कि पहले यूथ कांग्रेस ने ऐलान किया था कि वो अपने मुख्यालय से निकलकर जंतर मंतर तक जाएंगे, लेकिन BNS की धारा 163 लागू होने की वजह से यूथ कांग्रेस को जंतर-मंतर तक मार्च निकालने की इजाजत नहीं दी गई।

इससे पहले राहुल गांधी के साथ प्रदर्शन में शामिल हुए नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया (NSUI) के कार्यकर्ताओं ने दिल्ली पुलिस पर बेहद संगीन आरोप लगाए हैं। कार्यकर्ताओं का दावा है कि पुलिस ने उन्हें हिरासत में लेने के बाद उनके साथ मारपीट की और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया।

महिला कार्यकर्ता ने क्या लगाए आरोप?

एनएसयूआई की एक महिला कार्यकर्ता ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि हिरासत के दौरान उनके साथ बहुत बदसलूकी की गई। उनके मुताबिक, एक महिला कॉन्स्टेबल ने उनके ऊपर चढ़कर उन्हें मारा और थप्पड़ जड़े। प्रदर्शनकारियों का यह भी आरोप है कि पुलिस वालों ने एक छात्र के सिर पर डंडा मारा, चेहरे को नोंचा और अपशब्द कहे। पीड़ित कार्यकर्ताओं का दावा है कि पुलिस वाले उनसे जबरन यह बुलवाने की कोशिश कर रहे थे कि 'बोलो, दिल्ली पुलिस तुम्हारे पापा हैं।'

यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं के साथ मीडिया से बातचीत करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि यह युवाओं और देश की असली आवाज है, जिसे दबाने की नाकाम कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा, "यह हिंदुस्तान है, यहां सब एक हैं। जब यह विरोध प्रदर्शन खत्म होगा और हमारी सरकार आएगी या कानूनी प्रक्रिया आगे बढ़ेगी, तो हम इन अत्याचारों के लिए जिम्मेदार हर शख्स को सजा दिलवाएंगे।"

यूथ कांग्रेस ने लगाए ‘शिव की बारात’ वाले होर्डिंग

भारतीय युवा कांग्रेस (IYC) ने मध्य दिल्ली के प्रमुख स्थानों पर ‘शिव की बारात’ के होर्डिंग लगाए हैं। ये होर्डिंग्स AICC कार्यालय, 24 अकबर रोड, इंदिरा भवन और भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय कार्यालय के बाहर लगाए गए हैं।

Piyush Kumar
पीयूष कुमारauthor

पीयूष कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर Senior Copy Editor के रूप में कार्यरत हैं। देश-दुनिया की हलचल पर उनकी पैनी नजर रहती है और इन घटनाओं को सटीक, सरल और असरदार अंदाज में खबरों की भाषा देना उनकी सबसे बड़ी ताकत है। ब्रेकिंग न्यूज की रफ्तार हो या किसी जटिल मुद्दे को आसान बनाकर समझाने वाले एक्सप्लेनर—पीयूष दोनों में बराबर दक्षता रखते हैं। न्यूज जजमेंट, फैक्ट-बेस्ड राइटिंग और एंड-टू-एंड कॉपी प्रोडक्शन पर इनकी पकड़ मजबूत है और अबतक 4,000 से अधिक स्टोरी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article