क्रिकेट

बांग्लादेश के खिलाफ पहले टेस्ट में नहीं खेलेंगे रोहित शर्मा, सीरीज से बाहर हुए दो दिग्गज

  • Written by: नवीन चौहानAuthored by: नवीन चौहान
  • Updated Dec 11, 2022, 10:03 PM IST

बांग्लादेश के खिलाफ 14 दिसंबर से शुरू होने जा रही दो मैच की टेस्ट सीरीज के लिए टीम इंडिया ने अपने दल में बड़े बदलाव किए हैं। कप्तान रोहित पहले टेस्ट से बाहर हो गए हैं।

Image

रोहित शर्मा (साभार BCCI)

ढाका: बांग्लादेश के खिलाफ 14 दिसंबर से शुरू होने जा रही 2 मैच की टेस्ट सीरीज से पहले टीम इंडिया को बड़ा झटका लगा है। अंगूठे की चोट का सामना कर रहे कप्तान रोहित शर्मा पहले टेस्ट से बाहर हो गए है। ऐसे में केएल राहुल टीम की कमान संभालेंगे। रोहित शर्मा की जगह बंगाल के कप्तान अभिमन्यु ईश्वरन को टीम में जगह मिली है। ईश्वरन इस वक्त बांग्लादेश दौरे पर गई इंडिया ए टीम की कमान संभाल रहे हैं।

शमी और जडेजा हुए टीम से बाहर

इसके साथ ही टीम में दो और बदलाव हुए हैं। तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी और ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा पूरी सीरीज से बाहर हो गए हैं। उनकी जगह तेज गेंदबाज नवदीप सैनी और उत्तर प्रदेश बांए हाथ स्पिनर सौरभ कुमार को टीम में जगह मिली है। इससे पहले श्रीलंका के खिलाफ घरेलू टेस्ट सीरीज के लिए भी उन्हें टीम इंडिया में शामिल किया गया था। नवदीप सैनी की तकरीबन दो साल बाद भारतीय टेस्ट टीम में वापसी हुई है। जनवरी, 2021 में सैनी ऑस्ट्रेलिया दौरे पर अपना आखिरी टेस्ट खेले थे।

पहले टेस्ट में राहुल होंगे कप्तान पुजारा उपकप्तान केएल राहुल दूसरी बार टेस्ट टीम की कमान संभालेंगे। विराट कोहली के चोटिल होने के बाद उन्हें दक्षिण अफ्रीका दौरे पर भारतीय टेस्ट टीम की कमान संभालने का मौका मिला था। ऐसे में दूसरी बार भी कप्तान रोहित शर्मा की चोट की वजह से ही वो बतौर टेस्ट कप्तान मैदान में उतरेंगे। बांग्लादेश के खिलाफ पहले टेस्ट मैच के लिए चेतेश्वर पुजारा को टीम का उपकप्तान बनाया गया है। ऋषभ पंत के टीम में रहते हुए बोर्ड ने ये फैसला किया है।

जयदेव उनादकट को मिली टेस्ट में जगह

बीसीसीआई द्वारा जारी प्रेस रिलीज के मुताबिक, तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी और ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा अबतक अपनी कंधे और घुटने की चोट से पूरी तरह नहीं उबर सके हैं। इस कारण वो सीरीज से बाहर हुए हैं। ऐसे में दोनों की जगह नवदीप सैनी और सौरभ कुमार को जगह मिली है। साथ ही चयन समिति में टेस्ट टीम में तेज गेंदबाज जयदेव उनादकट को जोड़ने का फैसला किया।

बांग्लादेश के खिलाफ पहले टेस्ट के लिए भारतीय टीम:

केएल राहुल (कप्तान), शुभमन गिल, चेतेश्वर पुजारा (उपकप्तान), विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), केएस भरत (विकेटकीपर), रविचंद्रन अश्विन, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, शार्दुल ठाकुर, मोहम्मद सिराज, उमेश यादव, अभिमन्यु ईश्वरन, नवदीप सैनी, सौरभ कुमार, जयदेव उनादकट।
नवीन चौहान
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article