Rohit Sharma, Shubman Gill: भारतीय क्रिकेट टीम के दिग्गज कप्तान व बल्लेबाज रोहित शर्मा ने आईसीसी को दिए एक खास इंटरव्यू में कई बातों का जिक्र किया है और इसमें सबसे दिलचस्प पहलू रहा भविष्य के भारतीय क्रिकेट सुपरस्टार से जुड़ा सवाल। रोहित शर्मा ने साफ शब्दों में कहा कि भारतीय क्रिकेट के भविष्य का सुपरस्टार अगर कोई खिलाड़ी नजर आता है तो वो शुभमन गिल ही हैं। उन्होंने इसकी वजह भी जाहिर की।
रोहित शर्मा ने कहा, "शुभमन गिल के अंदर जबरदस्त क्षमता है। मन में बिना किसी शक के कहूंगा कि वो भारतीय क्रिकेट का अगला सबसे बड़ा चेहरा है। उसके पास वो सब कुछ मौजूद है जो इस स्तर पर सफल होने के लिए जरूरी है। मैं बस उम्मीद करता हूं कि वो अपने इस शानदार फॉर्म को बरकरार रखे।"
रोहित शर्मा के अलावा भारतीय क्रिकेट टीम के कोच व टीम इंडिया के पूर्व कप्तान राहुल द्रविड़ ने भी गिल की जमकर तारीफ की। वो 2018 में भारतीय अंडर-19 क्रिकेट टीम के कोच भी थे जब शुभमन गिल उस टीम का हिस्सा थे और भारत ने पृथ्वी शॉ की कप्तानी में खिताब जीता था।
द्रविड़ ने गिल की तारीफ में कहा, "मैंने उसको 2018 अंडर-19 विश्व कप में देखा था जब वो बहुत छोटा था। आप देख सकते थे कि वो भारत के लिए खास खिलाड़ी बनने के लिए ही तैयार हुआ है।"
