भारत ने नेपाल को हराकर एशिया कप के सुपर फोर में जगह बना ली है। कैंडी में खेले गए मुकाबले में टीम इंडिया ने नेपाल को डकवर्थ लुईस नियम के तहत 10 विकेट से हरा दिया। बारिश से बाधित मैच में टीम इंडिया को 23 ओवर में 145 रन की दरकार थी, जिसे टीम इंडिया ने 20.1 ओवर में बिना कोई विकेट गंवाए हासिल कर लिया। रोहित शर्मा ने 59 गेंद में 74 और शुभमन गिल ने 62 गेंद में 67 रन की नाबाद पारी खेली। दोनों ने तीसरी बार वनडे में शतकीय साझेदारी की।
इससे पहले नेपाल ने पहले बल्लेबाजी करते हुए आसिफ शेख के 58 और सोमपाल की 48 रन की पारी के दम पर 230 रन बनाए। टीम इंडिया के सामने 231 रन का लक्ष्य था, लेकिन जब टीम इंडिया ने 2.1 ओवर में बिना किसी नुकसान के 17 रन बनाए थे, तब बारिश के कारण लगभग दो घंटे तक खेल रुका रहा। इसके बाद भारत को डकवर्थ लुईस पद्धति से 23 ओवर में 145 रन का लक्ष्य मिला, जिसे उसने 20.1 ओवर में हासिल कर लिया।
खुश नहीं हैं रोहित शर्मा
रोहित शर्मा को 74 रन की बेहतरीन पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। मैच के बाद उन्होंने कहा ''इस पारी से ज्यादा खुश नहीं हूं। शुरुआत में थोड़ा नर्वस था, लेकिन एक बार जब आंखें जम गई तो फिर सब कुछ ठीक होता चला गया। जब हम यहां आए तो हमें पता था कि हमारा विश्व कप 15 कैसा होने वाला है।
एशिया कप हमें बेहतर तस्वीर नहीं देने वाला था, क्योंकि यह केवल दो गेम थे। लेकिन सौभाग्य से हमें पहले गेम में बल्लेबाजी करने और इसमें गेंदबाजी करने का मौका मिला, जिससे यह हमारे लिए एक पूर्ण गेम बन गया। अभी भी बहुत काम करना बाकी है। बहुत से खिलाड़ी चोटों से वापसी कर रहे हैं और उन्हें लय में लौटने के लिए समय चाहिए। हार्दिक और ईशान ने पिछले गेम में हमें उस स्कोर तक पहुंचाने में बहुत अच्छा प्रदर्शन किया था। आज गेंदबाजी तो ठीक थी, लेकिन फील्डिंग खराब था, हमें इसमें सुधार करने की जरूरत है।'
