क्रिकेट

World cup 2023: नहीं सुधर रहे पाकिस्तानी क्रिकेटर्स, अब रोहित शर्मा पर टॉस फिक्स करने का लगाया आरोप

World Cup 2023 IND vs NZ: क्रिकेट वर्ल्ड कप 2023 के सेमीफाइनल में भारतीय क्रिकेट टीम की जीत के बाद पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर ने एक चौंकाने वाला बयान दिया है। उन्होंने भारत के कप्तान रोहित शर्मा पर टॉस को फिक्स करने का आरोप लगा दिया है।

Image

रोहित शर्मा

Photo : AP

World Cup 2023 IND vs NZ: वनडे वर्ल्ड कप 2023 के पहले सेमीफाइनल में भारत ने न्यूजीलैंड को 70 रनों से हराकर फाइनल में जगह पक्की कर ली है। बुधवार को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए मैच में, भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने टॉस जीता और पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया,जिसके बाद टीम ने 397 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया और फिर न्यूजीलैंड को 327 रनों पर ही ऑलआउट कर 70 रनों से जीत दर्ज कर ली। इस जीत के बाद पाकिस्तान को एक बार फिर से मिर्ची लगी है।

भारत अब 19 नवंबर को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में फाइनल मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया के बीच दूसरे सेमीफाइनल मैच के विजेता से भिड़ेगा। ये वर्ल्ड कप के इतिहास में चौथी बार होगा जब भारतीय क्रिकेट टीम खिताबी मुकाबला खेलेगी। इस मैच में टीम की निगाहें तीसरा खिताब जीतने पर होगी।

रोहित कर रहे टॉस को फिक्स

न्यूजीलैंड के खिलाफ मैच भारत के लिए लगभग परफेक्ट मैच था और भारतीय कप्तान रोहित शर्मा इंटरनेट पर ट्रेंड कर रहे हैं, लेकिन एक बहुत अलग कारण से। दरअसल पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज सिकंदर बख्त ने मैच के दौरान एक चौंकाने वाला दावा किया है और भारतीय कप्तान पर टॉस फिक्स करने का आरोप लगाया है। बुधवार को पाकिस्तानी चैनल पर एक शो के दौरान बोलते हुए, बख्त ने कहा कि रोहित वनडे विश्व कप 2023 के दौरान अपने समकक्ष से दूर सिक्का उछालकर टॉस फिक्स कर रहे हैं और फिर आईसीसी अधिकारी भारत के पक्ष में फैसला सुनाते हैं।

एक पाकिस्तानी शो पर बोलते हुए बख्त ने कहा कि 'मैंने ये देखा है कि टॉस के वक्त रोहित शर्मा सिक्का दूर फेंकते हैं और दूसरा कप्तान ये देख नहीं सकता कि क्या वो सही कॉल था या गलत।' इस थ्योरी के माध्यम से उन्होंने भारतीय कप्तान पर फिक्सिंग का आरोप लगाए हैं।

पहले भी लगा चुके भारत पर आरोप

यह पहली बार नहीं है जब किसी पूर्व पाकिस्तानी खिलाड़ी ने भारत पर वनडे विश्व कप 2023 में फिक्सिंग का आरोप लगाया है। पिछले हफ्ते, भारत द्वारा श्रीलंका और दक्षिण अफ्रीका को कुचलने के बाद, पूर्व बल्लेबाज हसन रजा ने भारत पर अलग-अलग गेंदों का इस्तेमाल करने और डीआरएस में हेरफेर करने का आरोप लगाया था।

SIddharth Sharma
SIddharth Sharma author

सिद्धार्थ शर्मा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के स्पोर्ट्स डेस्क से जुड़े हैं। सिद्धार्थ को बचपन से ही खेलों, खासकर क्रिकेट में गहरी रुचि रही है और इसी जुनून ने उन्हें स्पोर्ट्स जर्नलिज्म की ओर खींचा। वह खिलाड़ियों के रिकॉर्ड्स और स्पोर्ट्स एनालिसिस पर मजबूत पकड़ रखते हैं। अबतक 4,000 से अधिक आर्टिकल लिख चुके सिद्धार्थ अपनी स्टोरीज को सरल, सटीक और रोचक अंदाज में प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रहती है कि पाठकों तक तेजी से, सही समय पर और विश्वसनीय स्पोर्ट्स अपडेट्स पहुंचें।

और पढ़ें
End of Article