गुवाहाटी: भारतीय टीम ने दक्षिण अफ्रीका को दूसरे टी20 इंटरनेशनल मैच में मात दी। भारतीय टीम ने पहली बार घरेलू जमीन पर दक्षिण अफ्रीका को टी20 इंटरनेशनल सीरीज में मात दी। गुवाहाटी में खेले गए मुकाबले में भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करके 237 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया, लेकिन प्रोटियाज टीम ने करारा जवाब दिया। भारतीय टीम ने कड़ा मुकाबला 16 रन से जीता। दक्षिण अफ्रीका ने डेविड मिलर और क्विंटन डी कॉक के बीच 174 रन की अविजित साझेदारी की मदद से 221 रन बनाए। मिलर ने तो अपना दूसरा टी20 इंटरनेशनल शतक पूरा किया।
भारतीय टीम की अंतिम ओवरों में गेंदबाजी अब भी चिंता का विषय बना हुआ है क्योंकि तीन गेंदबाजों ने 11 से ज्यादा रन प्रति ओवर लुटाए। यह बात कप्तान रोहित शर्मा ने मैच के बाद स्वीकार भी की। रोहित शर्मा ने बल्लेबाजों की जमकर तारीफ की, जिन्होंने टी20 इंटरनेशनल में अपना चौथा सबसे बड़ा स्कोर बनाया। जहां रोहित शर्मा का बल्ले से प्रदर्शन अच्छा था, वहीं फील्डिंग के दौरान उनका समय अच्छा नहीं रहा था।
एक बार ऋषभ पंत के ग्लव्स से गेंद फिसली जो उनके निचले एबडोमिनल एरिया में लगी। इसके अलावा गुवाहाटी की गर्मी ने भी उन पर असर डाला। जहां मिलर पर गर्मी का असर पड़ा, वहीं रोहित शर्मा की नाक से खून बहने लगा। दक्षिण अफ्रीका की पारी के 12वें ओवर की शुरूआत में यह घटना हुई जब रोहित को महसूस हुआ कि उनकी नाक से खून बह रहा है और उन्होंने तुरंत ही रुमाल का उपयोग किया।
जहां रोहित शर्मा रुमाल से नाक साफ कर रहे थे, वहीं वो टीम की कप्तानी जारी रख रहे थे। रोहित शर्मा का वीडियो वायरल हो गया है, जिसमें वह नाक से खून साफ करते हुए दिखे और गेंदबाज को निर्देश देते हुए दिखे। हालांकि, खून नहीं रुका तो भारतीय कप्तान को मैदान के बाहर जाना पड़ा। हालांकि, रोहित शर्मा का समर्पण खाली नहीं गया, फैंस ने भारतीय कप्तान की जमकर तारीफ की। फैंस ने कहा कि रोहित शर्मा ने ठीक नहीं होने के बावजूद भी खेल के प्रति समर्पण दिखाया और टीम का नेतृत्व किया।
बता दें कि शाहबाज अहमद ने कप्तान रोहित शर्मा की जगह मैदान पर ली और उप-कप्तान केएल राहुल ने टीम की कमान संभाली। हालांकि, पारी के 15वें ओवर से पहले ही रोहित शर्मा दोबारा मैदान पर आ गए और टीम का नेतृत्व करने लगे। भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच तीसरा व अंतिम टी20 इंटरनेशनल मैच इंदौर में खेला जाएगा।
