क्रिकेट

रोहित शर्मा का प्रैक्टिस Video वायरल, वेस्टइंडीज सीरीज से पहले नेट्स में बहाया पसीना

Rohit Sharma: इंग्लैंड दौरे पर तीसरे वनडे से पहले कयास लगाए जा रहे थे कि लॉर्ड्स में खेला गया सीरीज का निर्णायक मैच भारत के लिए रोहित शर्मा का आखिरी इंटरनेशनल मैच हो सकता है। हालांकि, 138 रन की तूफानी पारी खेलकर उन्होंने आलोचकों को करारा जवाब दिया था।

Image

रोहित शर्मा (फोटो साभार- team45ro)

Rohit Sharma: भारतीय बल्लेबाजी के दिग्गज रोहित शर्मा ने 27 सितंबर से वेस्टइंडीज के खिलाफ शुरू हो रही घरेलू वनडे सीरीज के लिए ट्रेनिंग शुरू कर दी है। 'हिटमैन' के मीडिया टीम 'Team Ro' ने इंस्टाग्राम पर उनका एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें वह नेट्स में अपने एलिगेंस शॉट्स खेलते दिख रहे हैं। पोस्ट के कैप्शन में लिखा गया है - "Finesse"

रोहित ने अपने बल्ले से आलोचकों को दिया जवाब

39 साल की उम्र में 2027 वर्ल्ड कप खेलने को लेकर लगातार सवालों के बीच रोहित शर्मा ने अपने बल्ले से सभी आलोचकों को जवाब दिया है। इंग्लैंड दौरे पर तीसरे वनडे से पहले कयास लगाए जा रहे थे कि लॉर्ड्स में खेला गया सीरीज का निर्णायक मैच भारत के लिए उनका आखिरी इंटरनेशनल मैच हो सकता है, क्योंकि वह पहले ही टी20 और टेस्ट से संन्यास ले चुके हैं। लेकिन रोहित ने 388 रन के मुश्किल लक्ष्य का पीछा करते हुए 110 गेंद में 17 चौके और 5 छक्कों की मदद से 138 रन की तूफानी पारी खेलकर साबित कर दिया कि उन्हें अभी लिखना जल्दबाजी होगी। हालांकि भारत यह मैच 27 रन से हार गया, लेकिन हिटमैन ने अपनी क्लास दिखा दी।

इंग्लैंड सीरीज में रोहित ने किया था कमाल

इंग्लैंड वनडे सीरीज में रोहित ने 3 मैचों में 58.33 की औसत और 98.31 की स्ट्राइक रेट से 175 रन बनाए, जिसमें लॉर्ड्स वाला शतक शामिल है। इस साल वनडे में उनका प्रदर्शन मिला-जुला रहा है। 9 पारियों में उन्होंने 42.11 की औसत और 99 से ज्यादा की स्ट्राइक रेट से 379 रन बनाए हैं, जिसमें एक शतक और एक अर्धशतक शामिल है।

BCCI सचिव कर चुके हैं खुलकर समर्थन

गुरुवार को मुंबई में हुई BCCI की रीव्यू मीटिंग के बाद बोर्ड सचिव देवाजीत सैकिया ने रोहित शर्मा का खुलकर समर्थन किया। उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ 138 रन की पारी का जिक्र करते हुए रिटायरमेंट की अटकलों को खारिज कर दिया। सैकिया ने कहा, "वह सभी मैचों में शानदार खेल रहे हैं, तो आपको और क्या चाहिए? उन्होंने पिछले मैच में 138 रन बनाए, तो फिर अटकलें क्यों? अभी मैं अटकलबाजों को कोई और मसाला नहीं देना चाहता।"

Aditya Sahu
आदित्य साहूauthor

आदित्य साहू टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स और ट्रेडिंग कंटेंट लिखतें हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स की डिग्री हासिल करने के बाद वह पिछले 10 सालों से मीडिया में सक्रिय हैं। स्पोर्ट्स इवेंट की रियल टाइम कवरेज, डाटा टॉपिक्स और अनोखे कंटेंट आइडियाज को आकर्षक और एंगेजिंग तरीके से प्रस्तुत करना आदित्य की खासियत है। उनकी कॉपी राइटिंग और इंटरेस्टिंग हेडलाइन बनाने की क्षमता उन्हें डिजिटल दुनिया में अलग पहचान देती है। 15,000 से अधिक बायलाइन स्टोरी पब्लिश कर चुके आदित्य का लक्ष्य हर खबर को यूनिक एंगल और स्टोरीटेलिंग के रोचक अंदाज में पेश करना है।

और पढ़ें
End of Article