भारतीय सेना ने जम्मू और पठानकोट सहित अपने सैन्य ठिकानों पर ड्रोन और मिसाइलों से हमला करने की पाकिस्तान की कोशिशों को गुरुवार रात को तुरंत विफल कर दिया था। इसके बाद से सोशल मीडिया पर भी हलचल तेज हो गई और सेना को बधाई संदेश देने की बौछार लग गई है। खेल जगत से कई बड़े नाम पहले ही अपनी बात कह चुके हैं लेकिन सभी को इंतजार था कि भारतीय क्रिकेट टीम के दो सबसे बड़े नाम रोहित शर्मा (Rohit Sharma) और विराट कोहली (Virat Kohli) 'ऑपरेशन सिंदूर' पर क्या कहते हैं। आखिरकार उनकी प्रतिक्रिया भी आ गई है।
हाल में टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेने वाले दिग्गज भारतीय बल्लेबाज रोहित शर्मा ने सोशल मीडिया पोस्ट पर लिखा, "हर गुजरते पल के साथ, हर फैसले के साथ मुझे हमारी भारतीय सेना, भारतीय वायुसेना और भारतीय नौसेना पर बेहद गर्व महसूस होता है। हमारे योद्धा हमारे देश के गौरव के लिए खड़े हैं। प्रत्येक भारतीय के लिए जिम्मेदार होना और किसी भी फर्जी खबर को फैलाने या उस पर विश्वास करने से बचना महत्वपूर्ण है। सभी सुरक्षित रहें। ऑपरेशन सिंदूर, जय हिंद।"
वहीं, भारतीय क्रिकेट टीम के सबसे धाकड़ बल्लेबाज विराट कोहली ने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर ऑपरेशन सिंदूर को लेकर किए गए पोस्ट में लिखा, "हम अपनी सेना को सलाम करते हैं और इस कठिन समय में आक्रमकता के साथ देश की रक्षा कर रहे हैं, हम उनके साथ एकजुट होकर खड़े हैं। हम अपने हीरोज की बहादुरी और जो बलिदान वे और उनके परिवार देते हैं इस महान देश के लिए, उसके लिए ऋणी रहेंगे। जय हिन्द।"
रोहित और विराट के अलावा कई अन्य खेल हस्तियों ने अपनी प्रतिक्रियाएं दी हैं
ओलंपिक में 2 पदक जीतने वाले नीरज चोपड़ा ने लिखा, "हमें अपने बहादुर भारतीय सशस्त्र बलों पर गर्व है जो आतंकवाद के खिलाफ हमारे देश के लिए लड़ रहे हैं। आइए अपनी भूमिका निभाएं और इस दौरान सभी की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए दिशानिर्देशों का पालन करें।"
ओलंपिक में दो पदक जीतने वाली भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधू ने पोस्ट किया, "भारतीय सशस्त्र बलों के बहादुर पुरुषों और महिलाओं के लिए - आपका साहस, अनुशासन और बलिदान हमारे राष्ट्र की आत्मा हैं। ऑपरेशन सिंदूर जैसे क्षणों में, हमें उस मौन शक्ति और निस्वार्थ सेवा की याद आती है जो हमारे तिरंगे को ऊंचा रखती है। भारत आपके साथ खड़ा है। जय हिंद।"
पूर्व सलामी बल्लेबाज सहवाग ने मौजूदा हालात के लिए पाकिस्तान को जिम्मेदार ठहराया है। सहवाग ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट पर लिखा, "पाकिस्तान ने युद्ध का विकल्प तब चुना है जब उनके पास चुप रहने का मौका था। वे अपनी आतंकवादी संपत्तियों को बचाने के लिए आगे बढ़े हैं, उनके बारे में इतना कुछ बोलते हैं। हमारी सेनाएं सबसे उचित तरीके से जवाब देंगी, जिसे पाकिस्तान कभी नहीं भूलेगा।"
पूर्व भारतीय बल्लेबाज शिखर धवन ने भी भारतीय सशस्त्र बलों की सराहना की। धवन ने ट्वीट किया, "हमारी सीमाओं की इतनी मजबूती से रक्षा करने और जम्मू पर ड्रोन हमले को रोकने के लिए हमारे बहादुर दिलों को सम्मान। भारत मजबूत है। जय हिंद।"
विश्व कप विजेता पूर्व सलामी बल्लेबाज क्रिस श्रीकांत ने कहा, "हमारे दिल और प्रार्थनाएं सीमा पर खड़े हमारे सैनिकों के लिए हैं। अब समय आ गया है कि हम एकता और विश्वास के साथ उनके पीछे खड़े हों। हमारे बहादुर हमारी भूमि की रक्षा करें और दुनिया को दिखाएं कि भारत वास्तव में किसके लिए है। जय हिंद इसे हमारे लिए जीतें।"
पूर्व विकेटकीपर पार्थिव पटेल ने कहा, "आइए हम सभी अपने बहादुर भारतीय सशस्त्र बलों के पीछे खड़े हों क्योंकि वे हमारे देश की रक्षा करते हैं। हम हमेशा आपके साथ हैं।"
IPL 2025 हुआ स्थगित
धर्मशाला में पंजाब किंग्स और दिल्ली कैपिटल्स के बीच गुरुवार को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) का मैच सुरक्षा कारणों से बीच में रोककर रद्द करना पड़ा था। भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) ने इसके बाद आईपीएल को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दिया।
गौरतलब है कि भारतीय सशस्त्र बलों ने बुधवार तड़के पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत जम्मू-कश्मीर में नौ आतंकी ठिकानों पर सटीक मिसाइल हमले किए, जिनमें बहावलपुर में जैश-ए-मोहम्मद और मुरीदके में लश्कर-ए-तैयबा के ठिकाने भी शामिल थे।
