क्रिकेट

Video: बल्लेबाजी कर लो ऋषभ पंत! बल्ले से नहीं पैर से मारा शॉट, वार्म-अप मैच में किया हैरतअंगेज कारनामा

भारतीय टीम इस समय श्रीलंका के दौरे पर है। यहां 15 अगस्त से दो मैच की टेस्ट सीरीज में लंकाई चुनौती का सामना करेगी। पहले टेस्ट मैच से पहले टीम इंडिया ने वार्म-अप मैच खेला। इस दौरान ऋषभ पंत की ऋषभपंती देखने को मिली।

Image

पंत ने पैर से खेला शॉट।

स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। ऋषभ पंत क्रिकेट के मैदान पर हों और कोई अजीबो-गरीब हरकत न करें ऐसा हो ही नहीं सकता। श्रीलंका के खिलाफ वार्म-अप मैच के तीसरे दिन उन्होंने कुछ ऐसा किया, जिसे देखकर हर कोई हैरान रह गया। पंत ने बल्लेबाजी के दौरान एक गेंद को बल्ले के बजाए पैर से खेला, जिसका अब वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

टीम इंडिया ने वार्म-अप मैच में शानदार जीत दर्ज की। तीन दिवसीय इस मैच में भारत को आखिरी दिन 45 ओवर में 207 रन का टारगेट मिला, जिसे भारत ने चार विकेट गंवाकर हासिल कर लिया। एक तरफ जहां मोहम्मद सिराज के तीन लगातार सिक्स की चर्चा है। वहीं, अब ऋषभ पंत का एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें वह हैरतअंगेज कारनामा करते हुए दिखाई दिए।

पैर से खेला शॉट

दरअसल, भारतीय पारी का 28वां ओवर दिलुम सुदीरा कर रहे थे। ओवर की दूसरी गेंद सुदीरा ने ऋषभ पंत की लेग साइड पर की। गेंद बहुत ज्यादा लेग वाइड की तरफ जा रही थी। तभी पंत ने बल्ले के बजाय अपने दाएं पैर से उसे खेला। गेंद उनके जूते से टकराई और विकेट के पीछे शार्ट लेग पर चली गई। हालांकि, इस कोई रन नहीं मिला। पंत की ऐसी कलाबाजी देखकर कमेंट्री कर रहे कमेंटेटर की भी हंसी छूट गई। बाद में पंत को भी मुस्कुराते हुए देखा गया।

पंत की फॉर्म चिंता का विषय

श्रीलंका इलेवन के खिलाफ वार्म-अप मैच में ऋषभ पंत का बल्ला नहीं चला। पहली पारी में वह महज 2 रन बनाकर आउट हुए। वहीं, दूसरी पारी में वह 28 रन बनाकर आउट हुए। इस वार्म-अप मैच में देवदत्त पडिक्कल ने अपनी छाप छोड़ी। उन्होंने पहली पारी के दौरान शतक जड़ा। दूसरी पारी में वह बल्लेबाजी करने नहीं आए। पंत की फॉर्म अभी भी चिंता का विषय बनी हुई है।

रवींद्र जडेजा की वापसी

इसके अलावा रवींद्र जडेजा ने गेंद और बल्ले से योगदान दिया। कुलदीप यादव की फिरकी का जादू भी चला। केएल राहुल और यशस्वी जायसवाल ने भी अपनी फॉर्म दिखाई। सबसे बड़ा सवाल शुभमन गिल की फिटनेस को लेकर था। हालांकि, वह तीसरे दिन बल्लेबाजी करने आए। इस दौरान वह अच्छे टच में दिखे। मानव सुथार और सिराज की तेज गेंदबाजी में धार दिखी।

Umesh Kumar
उमेश कुमारauthor

उमेश कुमार पत्रकारिता में पिछले 7 वर्षों से सक्रिय हैं। उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से करने के बाद उन्होंने डिजिटल मीडिया में बतौर स्पोर्ट्स राइटर अपनी मजबूत पहचान बनाई। उमेश ने अमर उजाला (प्रिंट), ईटीवी भारत (हैदराबाद), दैनिक भास्कर और दैनिक जागरण जैसे संस्थानों के साथ काम किया है। उमेश ने क्रिकेट की कई बायलेटरल सीरीज, आईपीएल, वर्ल्ड कप, प्रो कबड्डी लीग, फीफा वर्ल्ड कप, हॉकी वर्ल्ड कप और ओलंपिक जैसे बड़े राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। खेलों की गहरी समझ और डेटा-ड्रिवन स्टोरीटेलिंग उनकी लेखनी की खासियत है।

और पढ़ें
End of Article