WPL के 19वें मुकाबले में आरसीबी ने मुंबई इंडियंस को हराकर प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई कर लिया। मस्ट विन मैच में आरसीबी ने मुंबई इंडियंस को 7 विकेट से पटखनी दी। जीत के लिए 114 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी आरसीबी ने 30 गेंद शेष रहते 3 विकेट खोकर हासिल कर लिया। आरसीबी की ओर से एलिस पेरी ने 40 और रिचा घोष मे 36 रन की पारी खेली। इस जीत के साथ आरसीबी ने 8 मैच में 8 अंक हो गए हैं और वह प्लेऑफ में पहुंचने वाली तीसरी टीम बन गई।
इससे पहले ऑस्ट्रेलिया की दिग्गज ऑलराउंडर एलिस पेरी ने WPL के दूसरे सीजन में इतिहास रच दिया। उन्होंने इस लीग की सर्वश्रेष्ट गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में केवल 15 रन देकर 6 विकेट चटकाए। नतीजा मस्त विन मैच में मुंबई की टीम पूरे ओवर भी नहीं खेल पाई और 19 ओवर में 113 रन पर ढेर हो गई। मुंबई की टीम सिर्फ दूसरी बार इस लीग में ऑल आउट हुई। पेरी की शानदार गेंदबाजी के सामने मुंबई ने 13वें ओवर में 82 रन तक सात विकेट गंवा दिये थे।
पहले बल्लेबाजी का न्योता मिलने पर हेली मैथ्यूज (26) और संजीवन संजना (30) ने छह ओवर में 43 रन की साझेदारी कर टीम को अच्छी शुरुआत दिलाई। मैथ्यूज ने शुरुआती ओवरों में आक्रामक तेवर दिखाते हुए चार चौके और दो छक्के जड़े। उन्होंने इस दौरान तीसरे ओवर में रेणुका सिंह के खिलाफ चौका और छक्का लगाया। पारी का आगाज करने पहुंची संजना ने सोफी मोलिनेक्स पर दो चौके लगाये। सोफी डिवाइन ने छठे ओवर की आखिरी गेंद पर मैथ्यूज को आउट कर आरसीबी को पहली सफलता दिलायी। संजना ने इस गेंदबाज के खिलाफ चौका और फिर छक्का लगाया।
पेरी ने इसके बाद लगातार अंतराल पर छह विकेट झटके। उन्होंने संजना और हरमनप्रीत कौर को आउट कर मुंबई का स्कोर नौ ओवर में तीन विकेट पर 65 रन कर दिया। उन्होंने इसके बाद 11वें ओवर में अमेलिया केर (दो) और अमनजोत कौर (चार) को पवेलियन की राह दिखायी। इस गेंदबाज ने अपने आखिरी ओवर में पूजा वस्त्राकर (छह) और नैट सिवर ब्रंट (10) को आउट कर मुंबई की वापसी की राह मुश्किल कर दी। यास्तिका भाटिया की जगह एकादश में शामिल विकेटकीपर प्रियंका बाला ने 18 गेंद में नाबाद 19 रन बनाकर टीम के स्कोर को 113 रन तक पहुंचाया। पेरी की खतरनाक गेंदबाजी का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि उन्होंने 15 गेंद के भीतर 6 विकेट चटकाए।
(भाषा इनपुट के साथ)
