क्रिकेट

गिल के टेस्ट कप्तान बनने के बाद अब जडेजा ने भी जताई टीम को लीड करने की इच्छा, अश्विन के सामने बताई मन की बात

गिल को टीम इंडिया का नया टेस्ट कप्तान बनाए जाने के बाद अब रवींद्र जडेजा ने इस पर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने रविचंद्रन अश्विन को दिए गए एक इंटरव्यू में कप्तानी पर प्रतिक्रिया दी है। अनुभवी खिलाड़ी की बात करें तो जडेजा भी टेस्ट कप्तान बनने के दावेदार थे, लेकिन उनके नाम पर कोई चर्चा नहीं हुई।

Image

रवींद्र जडेजा (साभार-X ICC)

रोहित और विराट कोहली के अचानक टेस्ट क्रिकेट को अलविदा कहने के बाद शुभमन गिल को टीम इंडिया की कमान सौंपी गई। हालांकि, स्क्वॉड में कप्तानी के दानवेदार जसप्रीत बुमराह और रवींद्र जडेजा जैसे खिलाड़ी भी थे। गिल के कप्तान बनने के बाद अब रवींद्र जडेजा ने अश्विन को दिए गए एक इंटरव्यू में कप्तान बनने की इच्छा जताई है। भले ही कप्तानी के दावेदारों में उनका नाम शामिल नहीं रहा हो लेकिन अनुभवी हरफनमौला रविंद्र जडेजा ने कहा कि वह एक दिन भारतीय टेस्ट टीम की कप्तानी करना चाहेंगे चूंकि अपने लंबे कैरियर में अलग अलग कप्तानों के साथ खेलकर वह इस भूमिका को बखूबी समझ गए हैं ।

इंग्लैंड दौरे के लिये युवा बल्लेबाज शुभमन गिल को भारतीय टेस्ट टीम का कप्तान बनाया गया जबकि ऋषभ पंत उपकप्तान होंगे। क्या वह भारत के टेस्ट कप्तान बनना चाहते हैं , यह पूछने पर छत्तीस वर्ष के जडेजा ने भारत के पूर्व क्रिकेटर रविचंद्रन अश्विन के यूट्यूब चैनल पर कहा ,‘‘ हां , बिल्कुल। इतने सालों में मैने अलग अलग कप्तानों के साथ खेला है। मुझे हर कप्तान की शैली के बारे में पता है और यह भी समझता हूं कि खिलाड़ी क्या सोचते हैं और चाहते हैं ।’’

भारत के लिये 2012 में पहला टेस्ट खेलने वाले जडेजा ने महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी में तीनों प्रारूपों में पदार्पण किया था और आईपीएल में भी उनकी कप्तानी में चेन्नई सुपर किंग्स के लिये खेले।

जडेजा ने कहा ,‘‘हर कप्तान की अपनी शैली होती है । मैने हर प्रारूप में महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी में खेला है और उनकी सोच बिल्कुल सरल है । अगर उन्हें लगता है कि कोई बल्लेबाज एक ही जगह पर शॉट खेल सकता है तो वहां वह फील्डर जरूर लगायेंगे।’’ टेस्ट क्रिकेट से रोहित शर्मा के संन्यास के बाद अश्विन ने जडेजा को कप्तान बनाने का समर्थन किया था।

उन्होंने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा था ,‘ हम रविंद्र जडेजा को क्यो भूल जाते हैं ।अगर नया कप्तान चाहिये तो मैं कहूंगा कि दो साल के लिये किसी अनुभवी को कमान सौंपने के बाद नये व्यक्ति को बागडोर दी जानी चाहिये ।’’ जडेजा ने यह भी कहा कि टेस्ट टीम की बजाय टी20 में कप्तानी अधिक कठिन है । उन्होंने कहा ,‘‘ टेस्ट क्रिकेट में आपको गेंदबाज की जरूरत के मुताबिक दो या तीन फील्डर में बदलाव करना होता है, बल्लेबाज के हिसाब से नहीं ।’’ उन्होंने कहा ,‘‘ टेस्ट क्रिकेट में कप्तानी अलग है । इसमें ज्यादा माथापच्ची नहीं करनी होती । यह आईपीएल या टी20 की तरह पेचीदा नहीं है, जहां हर गेंद अहम होती है ।’’

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article