क्रिकेट

IND vs ENG: 'ये आपका फैसला था हमारा नहीं..' अश्विन ने बेन स्टोक्स को दिखाया आईना, इंग्लैंड के 'दोहरे मापदंड' की जमकर की आलोचना

Ashwin Targets Ben Stokes: भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व गेंदबाज रविचंद्रन अश्विन ने मैनचेस्टर में खेले गए चौथे टेस्ट मैच के ड्रॉ होने के बाद इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स की जमकर आलोचना की है और उन्हें आइना भी दिखा दिया है।

Image

रविचंद्रन अश्विन ने बेन स्टोक्स को लगाई लताड़ (फोटो- ICC/AP)

Ashwin Targets Ben Stokes: पूर्व भारतीय स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने चौथे टेस्ट को निर्धारित समय से पहले खत्म करने की इंग्लैंड की कोशिशों के लिए उनके ‘दोहरे मापदंड’ की आलोचना की जबकि क्रिकेट जगत ने घरेलू टीम के ड्रॉ के प्रस्ताव को स्वीकार करने के बजाय रविंद्र जडेजा और वाशिंगटन सुंदर को उनके शतक पूरे करने देने के भारत के फैसले का व्यापक समर्थन किया।

रविवार को मैच के आखिरी घंटे की शुरुआत के दौरान उस समय अजीब स्थिति हो गई जब मेजबान टीम के कप्तान बेन स्टोक्स ने भारतीय बल्लेबाजों को ड्रॉ की पेशकश की क्योंकि किसी टीम की जीत संभव नहीं दिख रही थी।जडेजा और वाशिंगटन उस समय क्रमशः 89 और 80 रन बनाकर खेल रहे थे और उन्होंने इस प्रस्ताव को ठुकरा दिया जिससे इंग्लैंड के कप्तान निराश हो गए। स्टोक्स ने बाद में कहा कि उन्होंने यह प्रस्ताव इसलिए दिया था क्योंकि वह अपने थके हुए मुख्य गेंदबाजों के चोटिल होने का जोखिम नहीं उठाना चाहते थे।

क्या आप चाहते हैं कि वे शतक पूरा नहीं करें?- अश्विन

अश्विन ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा- 'क्या आपने दोहरा मापदंड शब्द सुना है? उन्होंने पूरे दिन आपके गेंदबाजों को खेला, उनका सामना किया और अचानक जब वे शतक के करीब पहुंचते हैं तो आप बाहर चले जाना चाहते हैं? उन्हें ऐसा क्यों करना चाहिए?’ इस पूर्व ऑफ स्पिनर ने कहा कि 'उन्होंने सुबह से आपके सभी गेंदबाजों का सामना किया और मैच ड्रॉ पर ओर पहुंचा दिया। उन्होंने कड़ी मेहनत की, आप चाहते हैं कि वे अपना शतक पूरा नहीं करें?'

जब जडेजा और वाशिंगटन दोनों ने अपने शतक पूरे किए तो भारत ने अंततः ड्रॉ की पेशकश स्वीकार कर ली। यह वाशिंगटन का पहला टेस्ट शतक था।अश्विन और दिग्गज सुनील गावस्कर दोनों ने कहा कि वे भी भारत को अनिवार्य 15 ओवर बल्लेबाजी करने देते।अश्विन ने कहा कि 'अगर मैं भारतीय कप्तान होता तो मैं पूरे 15 ओवर खेलता। गावस्कर ने ‘सोनी स्पोर्ट्स’ पर यही बात दोहराई- 'मैं उनसे बल्लेबाजी करते रहने और टीम को पूरे 15 ओवर तक मैदान पर बनाए रखने के लिए कहता।'जब इंग्लैंड के खिलाड़ी जडेजा को घेरे हुए थे तब स्टोक्स ने व्यंग्यात्मक लहजे में कहा था कि 'क्या आप हैरी ब्रूक (कामचलाऊ गेंदबाज) के खिलाफ टेस्ट शतक लगाने वाले हैं?'

ये आपका फैसला था, हमारा नहीं- अश्विन

अश्विन ने कहा, ‘‘आप पूछते हैं, ‘आप हैरी ब्रूक के खिलाफ शतक बनाना चाहते हैं? उन्हें शतक बनाना है, आप स्टीव हार्मिसन को ले आइए, एंड्रयू फ्लिंटॉफ, किसी भी गेंदबाज को ले आइए - उन्होंने कोई आपत्ति नहीं जताई, ब्रूक को लाना आपका फैसला था, हमारा नहीं।’’उन्होंने कहा, ‘‘ये टेस्ट रन हैं, शतक कमाया जाता है, तोहफे में नहीं मिलता, वाशिंगटन इसके हकदार थे, जडेजा भी इसके हकदार थे।’’

(भाषा)

SIddharth Sharma
SIddharth Sharma author

सिद्धार्थ शर्मा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के स्पोर्ट्स डेस्क से जुड़े हैं। सिद्धार्थ को बचपन से ही खेलों, खासकर क्रिकेट में गहरी रुचि रही है और इसी जुनून ने उन्हें स्पोर्ट्स जर्नलिज्म की ओर खींचा। वह खिलाड़ियों के रिकॉर्ड्स और स्पोर्ट्स एनालिसिस पर मजबूत पकड़ रखते हैं। अबतक 4,000 से अधिक आर्टिकल लिख चुके सिद्धार्थ अपनी स्टोरीज को सरल, सटीक और रोचक अंदाज में प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रहती है कि पाठकों तक तेजी से, सही समय पर और विश्वसनीय स्पोर्ट्स अपडेट्स पहुंचें।

और पढ़ें
End of Article