क्रिकेट

Ravichandran Ashwin: ऐतिहासिक रिकॉर्ड से बस एक 1 विकेट दूर रह गए अश्विन, अब अगले टेस्ट का इंतजार

  • Authored by: शिवम अवस्थी
  • Updated Feb 5, 2024, 03:07 PM IST

Ravichandran Ashwin 1 Wicket Away from 500 Test Wickets: टीम इंडिया के दिग्गज स्पिनर रविचंद्रन अश्विन नया इतिहास रचने से फिलहाल चूक गए हैं। अश्विन विशाखापट्टनम में इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे टेस्ट में अपने टेस्ट करियर के 500 विकेट पूरे करने से सिर्फ 1 विकेट दूर थे लेकिन वो ये विकेट हासिल नहीं कर सके और इंग्लैंड ऑलआउट होकर मैच हार गया। अब अश्विन को अगले टेस्ट का इंतजार रहेगा, अश्विन 500 टेस्ट विकेट पूरे करके दुनिया के नौवें खिलाड़ी बनेंगे, जबकि ऐसा करने वाले दूसरे भारतीय।

Image

आर अश्विन (AP)

KEY HIGHLIGHTS
  • रविचंद्रन अश्विन इतिहास रचने से चूके
  • अब 500 टेस्ट विकेट से 1 विकेट दूर अश्विन
  • अब अगले टेस्ट का रहेगा इंतजार

R Ashwin 1 Wicket Away from 500 Test Wickets: भारत और इंग्लैंड के बीच विशाखापट्टनम में दूसरे टेस्ट मैच के दौरान टीम इंडिया के अनुभवी ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन इतिहास रचने से फिलहाल चूक गए हैं। अश्विन अपने टेस्ट क्रिकेट करियर में 500वें विकेट से सिर्फ एक विकेट दूर थे लेकिन दूसरी पारी में वो सिर्फ तीन विकेट ले सके, चौथा विकेट लेने में सफल होते तो 500 विकेट पूरे हो जाते। लेकिन बाकी के भारतीय गेंदबाजों ने इंग्लैंड को 292 रन पर समेट दिया और अश्विन 499 विकेट पर अटक गए। अब उन्हें राजकोट में होने वाले तीसरे टेस्ट मैच का इंतजार करना होगा।

विशाखापट्टनम में भारत-इंग्लैंड दूसरे टेस्ट मैच की पहली पारी में रविचंद्रन अश्विन को एक भी विकेट नहीं मिला था, लेकिन दूसरी पारी में उन्होंने शानदार गेंदबाजी की और 72 रन देकर 3 विकेट चटकाए। अब उनके टेस्ट करियर में 499 विकेट हो गए हैं। वो 1 टेस्ट विकेट लेते ही 500 टेस्ट विकेट पूरे करने वाले दूसरे भारतीय गेंदबाज बन जाएंगे। उनसे पहले भारतीय क्रिकेट में ये कमाल सिर्फ पूर्व लेग स्पिनर अनिल कुंबले (619 विकेट) ने किया था।

इसके अलावा एक विकेट लेते ही अश्विन दुनिया में 500 टेस्ट विकेट पूरे करन वाले नौवें गेंदबाज बन जाएंगे। वहीं अश्विन टेस्ट क्रिकेट में दुनिया के तीसरे सबसे सफल ऑफ स्पिनर भी बनेंगे। ऑफ स्पिनर्स में शीर्ष पर श्रीलंका के पूर्व खिलाड़ी मुथैया मुरलीथऱन (800 विकेट) हैं जबकि दूसरे नंबर पर ऑस्ट्रेलिया के नाथन ल्योन (517 विकेट) हैं।

विश्व क्रिकेट में 500 टेस्ट विकेट पूरे करने वाले गेंदबाज

1. मुथैया मुरलीथरन (श्रीलंका)- 800 विकेट

2. शेन वॉर्न (ऑस्ट्रेलिया)- 708 विकेट

3. जेम्स एंडरसन (इंग्लैंड)- 695 विकेट

4. अनिल कुंबले (भारत)- 619 विकेट

5. स्टुअर्ट ब्रॉड (इंग्लैंड)- 604 विकेट

6. ग्लेन मैकग्रा (ऑस्ट्रेलिया)- 563 विकेट

7. कॉर्टनी वॉल्श (वेस्टइंडीज)- 519 विकेट

8. नाथन ल्योन (ऑस्ट्रेलिया)- 517 विकेट

रविचंद्रन अश्विन ने 2011 में अपना टेस्ट करियर शुरू किया था और पिछले 13 सालों में वो 499 टेस्ट विकेट पूरे करने के साथ-साथ 156 वनडे विकेट और 72 टी20 अंतरराष्ट्रीय विकेट भी ले चुके हैं।

शिवम अवस्थी
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article