IND vs AUS: 7 महीने बाद विराट कोहली और रोहित शर्मा अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में वापसी करेंगे। इन दोनों की वापसी को लेकर न केवल भारतीय फैंस में बल्कि ऑस्ट्रेलियाई फैंस में भी खासा उत्साह देखा जा रहा है। कुछ रिपोर्ट में तो यह भी दावा किया गया है कि इन दो दिग्गजों की यह आखिरी वनडे सीरीज हो सकती है। दरअसल दोनों टी20 और टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले चुके हैं और ऐसे में केवल एक फॉर्मेट खेलकर वर्ल्ड कप की तैयारी के लिए खुद को फिट रखना आसान नहीं होगा। चीफ सेलेक्टर अजीत अगरकर ने भी साफ कर दिया है कि वर्ल्ड कप खेलने के लिए दोनों को विजय हजारे ट्रॉफी खेलना होगा। ऐसे में पूर्व हेड कोच रवि शास्त्री ने रोहित-विराट के भविष्य पर अपने मन की बात बताई है।
भारत-ऑस्ट्रेलिया सीरीज है खास
पूर्व हेड कोच रवि शास्त्री की मानें तो वनडे वर्ल्ड कप में अभी 2 साल का वक्त है। फिलहाल विराट 36 और रोहित 38 साल के हैं। उनका मानना है कि अगर दोनों को वर्ल्ड कप खेलने की रेस में खुद को बनाए रखना है तो उन्हें इस सीरीज में दम दिखाना होगा। उन्होंने कहा 'इस सीरीज के बाद वह आराम से तय कर सकते हैं कि अब वह कैसा फील कर रहे हैं। यह पूरी तरह से उनका फैसला होने वाला है। वह वनडे वर्ल्ड कप 2027 में खेलेंगे या नहीं यह पूरी तरह से उनकी भूख, फिटनेस और उनके फॉर्म पर निर्भर करेगा।'
उन्होंने आगे कहा 'ऑस्ट्रेलिया के लिए भी यही स्थिति थी, जब स्टीव स्मिथ ने वनडे से संन्यास लिया था। इस उम्र में आपको गेम का आनंद लेना होता है और भूख (जुनून) बनाए रखनी होती है।”
अनुभव का कोई विकल्प नहीं होता
रवि शास्त्री ने कहा कि अनुभव का कोई विकल्प नहीं होता। जब बड़े मुकाबले की बात आती है तो बड़े खिलाड़़ी आगे आकर जिम्मेदारी लेते हैं। हमने चैंपियंस ट्रॉफी में यह देखा है जब मैच बड़ा था तो कैसे बड़े खिलाड़ी सामने आए। यही सवाल जब चीफ सेलेक्टर अजीत अगरकर से पूछा गया था तो उन्होंने इस पर गोल-मोल जवाब देकर टाल दिया था।
