क्रिकेट

'हर विकेट IPL जैसा नहीं होता', भारत की T20I सीरीज में हार के बाद अश्विन ने सच्चाई बताई, बल्लेबाजों को दिखाया आईना

आयरलैंड के खिलाफ भारत की टी20I सीरीज में हार को पूर्व भारतीय स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने रियलिटी चेक बताया है। उनका मानना है कि आईपीएल की सपाट पिचों पर खेलने के आदी युवा भारतीय बल्लेबाजों को आयरलैंड की सीम फ्रेंडली पिचों पर संघर्ष करना पड़ा। अश्विन ने इस बात पर जोर दिया कि मुश्किल विकेटों पर ही खिलाड़ियों की असली काबिलियत परखी जाती है।

Image

आर अश्विन ने भारतीय बल्लेबाजों को दिखाया आईना।

स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। आयरलैंड के हाथों क्लीन स्वीप होने के बाद भारतीय टीम को पूर्व ऑफ स्पिनर आर अश्विन ने आईना दिखाया है। अश्विन का मानना है कि यह हार आश्चर्य के बजाय वास्तविकता की परख थी। अश्विन ने कहा कि भारतीय बल्लेबाज आईपीएल में 24 कैरेट बल्लेबाजी ट्रैक के आदी हो गए हैं। अश्विन ने आगे कहा कि अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में उनकी बल्लेबाजी की पोल खुल जाती है।

भारत को आयरलैंड से 2-0 से चौंकाने वाली टी20I सीरीज में हार का सामना करना पड़ा। यह पहली बार है कि उन्होंने आयरिश टीम के खिलाफ बाइलेटरल टी20I सीरीज गंवाई है। आईपीएल में बल्लेबाजी के अनुकूल पिच पर अपना दबदबा बनाने के बाद, भारत की युवा बल्लेबाजी लाइन-अप को तेज गेंदबाजों के अनुकूल पिचों पर मुश्किलों का सामना करना पड़ा और बल्लेबाजों की पोल खुल गई।

बल्लेबाजी पिच पर खेलने की आदत

भारत की हार पर अश्विन ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा, जिस तरह की 24 कैरेट की बैटिंग पिचें हम आईपीएल में देखते हैं, वह यहां उपलब्ध नहीं थीं और मैंने वास्तव में खेले गए क्रिकेट की गुणवत्ता का आनंद लिया। भारतीय टीम की बल्लेबाजी लाइन-अप के अधिकांश बल्लेबाज सीधे आईपीएल से आए हैं। उन्हें आईपीएल की सपाट पिच पर खेलने की आदत है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उनकी परीक्षा होती है, जब वे गेंदबाजों को मदद करने वाली पिच पर बल्लेबाजी करने उतरते हैं तो उन्हें कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।

कठिन चुनौती जरूरी

अश्विन ने आगे कहा कि इस तरह की कठिन परिस्थितियां युवा क्रिकेटरों के लिए बहुत जरूरी हैं। उन्होंने कहा कि इन चुनौतियों का सामना करके ही खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के लिए तैयार होगा, जहां बल्लेबाजी के लिए पिच नहीं तैयार की जाती है।

गौरतलब हो कि आयरलैंड ने अपने क्रिकेट इतिहास में एक सुनहरा पन्ना जोड़ा है। आयरलैंड ने पहली बार भारत के खिलाफ न सिर्फ कोई मैच जीता बल्कि सीरीज में क्लीन स्वीप किया। साल 2023 के बाद भारत ने पहली बार कोई टी20 सीरीज गंवाई।

    Umesh Kumar
    उमेश कुमारauthor

    उमेश कुमार पत्रकारिता में पिछले 7 वर्षों से सक्रिय हैं। उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से करने के बाद उन्होंने डिजिटल मीडिया में बतौर स्पोर्ट्स राइटर अपनी मजबूत पहचान बनाई। उमेश ने अमर उजाला (प्रिंट), ईटीवी भारत (हैदराबाद), दैनिक भास्कर और दैनिक जागरण जैसे संस्थानों के साथ काम किया है। उमेश ने क्रिकेट की कई बायलेटरल सीरीज, आईपीएल, वर्ल्ड कप, प्रो कबड्डी लीग, फीफा वर्ल्ड कप, हॉकी वर्ल्ड कप और ओलंपिक जैसे बड़े राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। खेलों की गहरी समझ और डेटा-ड्रिवन स्टोरीटेलिंग उनकी लेखनी की खासियत है।

    और पढ़ें
    End of Article