क्रिकेट

PBKS vs MI Match Preview: पंजाब किंग्स और मुंबई इंडियन्स के बीच आज होगी टॉप-2 को लेकर निर्णायक जंग, जानिए मैच से जुड़ी सभी समीकरण

Punjab Kings vs Mumbai Indians: आईपीएल 2025 के 69वें लीग मुकाबले में पंजाब किंग्स और मुंबई इंडियन्स के बीच जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में आज भिड़ंत होगी। दोनों टीमों के लिए टॉप-2 में रहने के लिए ये मुकाबला करो या मरो वाला है। जो टीम इस मैच में जीत हासिल करेगी वो टॉप-2 में रहेगी। जानिए मैच से जुड़ी सारी बातें और टेबल टॉपर बनने के लिए सभी टीमों के लिए समीकरण।

Image

पंजाब किंग्स बनाम मुंबई इंडियन्स मैच प्रीव्यू

KEY HIGHLIGHTS
  • आईपीएल में आज पंजाब और मुंबई के बीच है भिड़ंत
  • टॉप 2 में रहने के लिए दोनों टीमों के लिए जीत अहम
  • दोनों टीमों के लिए है करो या मरो का मुकाबला

PBKS vs MI Preview: मुंबई इंडियंस और पंजाब किंग्स सोमवार को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के अपने अंतिम लीग चरण के मुकाबले में जब एक-दूसरे का सामना करेंगे तो शीर्ष दो में जगह बनाने की कोशिश में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने के लिए पूरा जोर लगायेंगे। गुजरात टाइटंस, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी), मुंबई इंडियंस और पंजाब किंग्स ने लीग के चरण के कई मैच बाकी रहते ही आईपीएल प्लेऑफ में अपनी जगह पक्की कर ली है। इन टीम के बीच शीर्ष दो में जगह बनाने की होड़ है ताकि फाइनल में पहुंचने के लिए टीम को एक अतिरिक्त मौका मिल सके।

पंजाब और मुंबई के लिए करो या मरो वाला है मामला

पंजाब किंग्स 17 अंकों के साथ तालिका में अभी दूसरे स्थान पर है लेकिन मुंबई से हारने पर वह तीसरे या चौथे स्थान पर पहुंच जाएगी जिससे टीम को 30 मई को एलिमिनेटर के लिए तैयार होना पड़ेगा। पंजाब के लिए शीर्ष दो में रहने के लिए मुंबई की मजबूत टीम के खिलाफ जीत दर्ज करनी होगी। गुजरात टाइटन्स को चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ 83 रन के अंतर से करारी हार का सामना करना पड़ा। गुजरात के खाते में 18 हैं। पंजाब के खाते में मुंबई के खिलाफ जीत के बाद 19 अंक हो जाएंगे और उसकी जगह पहले क्वालीफायर में पक्की हो जाएगी। मुंबई 16 अंक के साथ चौथे स्थान पर सिमट जाएगी। ऐसे में 27 मई को खेले जाने वाले लीग दौर के आखिरी मैच में आरसीबी एलएसजी को हरा देती है तो वो भी टॉप 2 में पहुंच जाएगी। पंजाब और बेंगलुरू के बीच पहले और दूसरे स्थान का फैसला नेट रन रेट के आधार पर होगा। ऐसे में गुजरात को 18 अंक के साथ तीसरे स्थान पर रहते हुए मुंबई से एलिमिटेर मुकाबले में भिड़ना पड़ेगा। आरसीबी अगर लखनऊ के खिलाफ मैच हार जाती है तो गुजरात दूसरे स्थान पर पहुंच जाएगी और आरसीबी को तीसरे स्थान से संतोष करना पड़ेगा।

मजबूत है मुंबई इंडियन्स की गेंदबाजी

पंजाब किंग्स शनिवार को दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ 200 से अधिक रन का बचाव करने में असफल रहने के बाद अपनी गेंदबाजी में खामियों को सुधारने की कोशिश करेंगे। सवाई मान सिंह स्टेडियम की छोटी बाउंड्री और बल्लेबाजी के लिए आसान परिस्थितियां इस मैच को बड़े स्कोर वाला मुकाबला बनाने का संकेत देते हैं। इसमें दोनों टीमों की गेंदबाजी योजनाओं की परीक्षा होगी। इस मामले में हालांकि जसप्रीत बुमराह की अगुवाई वाली मुंबई इंडियंस का पलड़ा भारी दिख रहा है। बुमराह ने इस आईपीएल के इस सत्र में सिर्फ नौ मैचों में 16 विकेट लिए हैं। उन्होंने चोट के कारण तीन महीने तक खेल से दूर रहने के बाद फॉर्म और फिटनेस में वापसी का संकेत दे दिया है।

मुंबई इंडियंस के अन्य गेंदबाजों ने भी इस विभाग में बराबरी से जिम्मेदारी साझा की है। ट्रेंट बोल्ट (जो 19 विकेट लेकर तीसरे स्थान पर हैं) और दीपक चाहर (11 विकेट) की नये गेंदबाजों की जोड़ी ने शुरुआती ओवरों में विकेट चटकाकर बुमराह काम थोड़ा आसान कर दिया है। हार्दिक पंड्या ने मिचेल सेंटनर और विल जैक्स जैसे स्पिनरों के साथ अच्छा तालमेल दिखाया है जिससे मुंबई इंडियंस की गेंदबाजी लाइन-अप पंजाब किंग्स के मुकाबले और भी घातक बन जाती है।

पंजाब को करना पड़ेगा मुंबई की बल्लेबाजी पर काबू

अर्शदीप सिंह (16 विकेट) और युजवेंद्र चहल (14 विकेट) (मामूली चोट के कारण पिछला नहीं खेल पाए थे) दोनों को मार्को यानसेन (14 विकेट) के साथ मिलकर मुंबई इंडियंस की मजबूत बल्लेबाजी को रोकने के लिए कारगर योजना पर काम करना होगा। सूर्यकुमार यादव (583 रन) और श्रेयस अय्यर (488 रन) अपनी-अपनी टीमों के बल्लेबाजी क्रम के अहम स्तंभ रहे हैं। आईपीएल अब निर्णायक चरण में पहुंच गया है ऐसे में इन दोनों को अपने प्रदर्शन में निरंतरता बनाये रखनी होगी। पंजाब को अपने सलामी बल्लेबाजों की जोड़ी प्रभसिमरन सिंह (486) और प्रियांश आर्य (362) से मजबूत शुरुआत की उम्मीद होगी। जिससे मध्यक्रम बेखौफ होकर बल्लेबाजी कर सके।

रोहित से बड़ी पारी की उम्मीद, तिलक का फॉर्म चिंता का विषय

दिग्गज रोहित शर्मा के प्रदर्शन में निरंतरता की कमी रही है लेकिन टीम को इस अनुभवी बल्लेबाज से अहम मैच में बड़ी पारी की उम्मीद है। मुंबई इंडियंस के लिए तिलक वर्मा के फॉर्म में गिरावट थोड़ी चिंता की बात है। पिछले सात मैचों में उन्होंने तीन बार वह दोहरे आंकड़े में पहुंचने में विफल रहे जबकि दो बार 20 के आस-पास रन बनाये। दो मैचों में उन्हें बल्लेबाजी का मौका नहीं मिला।

पंजाब और मुंबई की आईपीएल 2025 टीमें (Punjab Kings and Mumbai Indians Full Squads In IPL 2025)

पंजाब किंग्स:

श्रेयस अय्यर (कप्तान), नेहल वढेरा, विष्णु विनोद (विकेटकीपर), जोश इंग्लिस (विकेटकीपर), हरनूर पन्नू, पी. अविनाश, प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर), शशांक सिंह, मार्कस स्टोइनिस, हरप्रीत बराड़, मार्को यानसेन, अजमतुल्लाह उमरजई, प्रियांश आर्य, आरोन हार्डी, मुशीर खान, सूर्यांश शेडगे, मिच ओवेन, अर्शदीप सिंह, वी. विजयकुमार, यश ठाकुर, कुलदीप सेन जेवियर बार्टलेट, प्रवीण दुबे, काइल जैमीसन।

मुंबई इंडियंस:

हार्दिक पंड्या (कप्तान), रोहित शर्मा, सूर्यकुमार यादव, रॉबिन मिंज (विकेटकीपर), रयान रिकेल्टन (विकेटकीपर), श्रीजीत कृष्णन (विकेटकीपर), बेवोन जैकब्स, तिलक वर्मा, नमन धीर, विल जैक्स, मिचेल सेंटनर, राज अंगद बावा, रघु शर्मा, कॉर्बिन बॉश, ट्रेंट बोल्ट, कर्ण शर्मा, दीपक चाहर, अश्विनी कुमार, रीस टॉपले, वीएस पेनमेत्सा, अर्जुन तेंदुलकर, मुजीब उर रहमान, जसप्रीत बुमराह।

मैच शाम 7:30 बजे से खेला जायेगा।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article