क्रिकेट

IPL 2026: पंजाब किंग्स की लगातार चौथी हार के बावजूद टीम के स्पिन गेंदबाजी कोच ने दिया अजीब बयान

Punjab Kings, IPL 2026: पंजाब किंग्स लगातार चार मैच गंवा चुकी है और अब उसके लिए अगले तीन मैच कठिन चुनौती रहने वाले हैं। हालांकि, दिल्ली से मिली हार के बाद पंजाब टीम के स्पिन गेंदबाजी कोच साइराज बहुतुले ने एक अजीबगरीब बयान अभी से दे दिया है।

Image

पंजाब किंग्स के स्पिन बॉलिंग कोच का अजीब बयान

Photo : AP

IPL 2026: पंजाब किंग्स के स्पिन गेंदबाजी कोच साईराज बहुतुले ने कहा कि लगातार चौथा मैच हारने के बावजूद टीम में कोई बड़ा बदलाव नहीं किया जाएगा, हालांकि उन्होंने यह स्वीकार किया कि महत्वपूर्ण मौकों पर खराब फील्डिंग विशेषकर कैच लेने में नाकामी बड़ी चिंता का विषय है।

पंजाब किंग्स ने लीग के शुरुआती चरण में लगातार छह मैच जीतकर शीर्ष स्थान हासिल किया था, लेकिन श्रेयस अय्यर की अगुवाई वाली टीम का प्रदर्शन उसके बाद खराब रहा और वह लगातार चार मैच हार चुकी है। खराब फील्डिंग के कारण उसे नुकसान उठाना पड़ा है। पंजाब ने पिछले दो मैचों में पांच कैच छोड़े हैं।

बहुतुले ने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ आईपीएल मैच के बाद पत्रकारों से कहा, "दुर्भाग्य से आज हमने महत्वपूर्ण अवसरों पर कुछ कैच छोड़ दिए। हम इस पर विचार करेंगे, लेकिन फिलहाल हमारे पास इस बारे में ज्यादा सोचने का समय नहीं है।"

उन्होंने कहा, "मुझे लगता है कि टीम ने बहुत अच्छा प्रदर्शन किया है। निश्चित रूप से हम कुछ मैच हार गए हैं। हम कुछ खास क्षेत्रों पर ही फिर से विचार करेंगे। टीम में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा, क्योंकि सभी खिलाड़ी अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं।"

दिल्ली कैपिटल्स के हाथों तीन विकेट की हार के दौरान पंजाब ने दो कैच छोड़े, जिनमें से एक अक्षर पटेल का था, जिन्होंने इसका फायदा उठाकर अर्धशतक बनाया। बहुतुले ने कहा, "अहम मौके पर हमसे एक कैच छूट गया, जिससे हमारी लय टूट गई। अगर हमने वह दो कैच ले लिए होते तो शायद वे लक्ष्य तक नहीं पहुंच पाते। हम इस पर गौर करेंगे और देखेंगे कि हम कैसे स्थिति को अपने पक्ष में मोड़ सकते हैं।"

उन्होंने कहा, ’’मुझे लगता है कि इस मैच से सबक लेना बहुत महत्वपूर्ण है। हमने जो भी गलतियां की हैं, उनमें से कुछ अनावश्यक थीं।’’ एक समय तालिका में शीर्ष पर रहने वाली पंजाब टीम अब 11 मैचों में 13 अंकों के साथ चौथे स्थान पर खिसक गई है।

(भाषा इनपुट्स के साथ)

Shivam Awasthi
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article