क्रिकेट

PM Modi on Rishabh Pant: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ऋषभ पंत के परिवार से फोन पर की बात

  • Authored by: शिवम अवस्थी
  • Updated Dec 30, 2022, 09:13 PM IST

PM Narendra Modi tweet on Rishabh Pant: भारतीय क्रिकेट ऋषभ पंत के कार दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो जाने के बाद हर ओर से उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की जा रही है। इसी कड़ी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी ऋषभ पंत के जल्द स्वस्थ होने की कामना करते हुए ट्वीट किया है और उनके परिवार से भी बात की।

Image

पीएम मोदी ने पंत के लिए ट्वीट किया (AP/Twitter)

PM Narendra Modi tweets on Rishabh Pant: भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार क्रिकेटर ऋषभ पंत बाल बाल बचे जब उनकी गाड़ी शुक्रवार को तड़के दिल्ली-देहरादून राजमार्ग पर सड़क के डिवाइडर से टकराने के बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गई। पंत को सिर, पीठ और पैरों में चोट आई हैं, लेकिन उनकी हालत स्थिर है। ऋषभ पंत को लेकर देश की तमाम हस्तियों ने ट्वीट करके उनके जल्द ठीक होने की कामना की है। इसी कड़ी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी पंत के जल्द स्वस्थ होने की कामना करते हुए ट्वीट किया और उसके बाद पंत के परिवार से फोन पर बातचीत करके उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली।

ऋषभ पंत की कार ने डिवाइडर से टकराने के बाद आग पकड़ ली थी। वहां से गुजर रही हरियाणा रोडवेज की एक बस के ड्राइवर और बाकी स्टाफ ने उसे जलती हुई कार में से बाहर निकाला। बताया गया कि हादसे में कार पूरी तरह से खाक हो गई। पीएम मोदी ने ऋषभ पंत के लिए ट्वीट करते हुए लिखा, "नामी क्रिकेटर ऋषभ पंत के एक्सीडेंट को लेकर दुखी हूं। मैं उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं।"

वहीं, इस ट्वीट के बाद पीएम मोदी ने ऋषभ पंत के परिवार को फोन करके पंत के स्वास्थ्य की जानकारी भी ली। बीसीसीआई ने ट्वीट करके इसकी जानकारी दी और पीएम मोदी को इसके लिए शुक्रिया कहा।

हरिद्वार के एसएसपी अजय सिंह ने पंत के एक्सीडेंट पर बयान देते हुए कहा है कि, ‘‘पंत हरिद्वार जिले के मंगलोर में दुर्घटना का शिकार हो गए। उनकी कार सुबह साढ़े पांच बजे डिवाइडर से टकरा गई। उन्हें रूड़की में सक्षम अस्पताल ले जाया गया जहां से उन्हें देहरादून के मैक्स अस्पताल भेज दिया गया।’’

शिवम अवस्थी
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article