क्रिकेट

Pakistan Squad For T20 World Cup: पाकिस्तान ने की टी20 वर्ल्ड कप के लिए टीम की घोषणा, बाबर को मौका-रिजवान की छुट्टी

Pakistan Squad For T20 World Cup: टी20 वर्ल्ड कप के लिए पाकिस्तान क्रिकेट टीम की घोषणा कर दी गई है। इस टीम में बाबर आजम जगह बनाने में कामयाब रहे हैं जबकि मोहम्मद रिजवान को मौका नहीं मिला है। टीम सलमान अली आगा की कप्तानी में उतरेगी।

Image

पाकिस्तान टी20 स्क्वॉड (साभार-ICC)

Pakistan Squad For T20 World Cup: टी20 वर्ल्ड कप में खेलने को लेकर विवादों के बीच पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने इसके लिए 15 सदस्यीय स्क्वॉड की घोषणा कर दी। टीम सलमान अली आगा के नेतृत्व में उतरेगी। टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे सफल बल्लेबाज बाबर आजम को इस स्क्वॉड में शामिल किया गया है जबकि उनके साथी खिलाड़ी और विकेटकीपर बल्लेबाज मोहम्मद रिजवान जगह बनाने में नाकाम रहे हैं। विकेटकीपर के तौर पर इस स्क्वॉड में मोहम्मद नफे और साहिबजादा फरहान को चुना गया है। तेज गेंदबाजी में शाहीन शाह अफ्रीदी और नसीम शाह जैसे नाम शामिल हैं, जबकि हारिस रऊफ को मौका नहीं मिला है।

ऑलराउंडर पर टीम मैनेजमेंट ने ज्यादा भरोसा दिखाया है। इस टीम में फहीम अशरफ, शादाब खान और मोहम्मद नवाज के रुप में 3 ऑलराउंडर शामिल हैं। टी20 वर्ल्ड कप में पाकिस्तान की टीम ग्रुप ए में है। इस ग्रुप में पाकिस्तान के अलावा भारत, नामीबिया, नीदरलैंड और यूएसए जैसी टीम है।

पाकिस्तान का टी20 वर्ल्ड कप स्क्वॉड (Pakistan T20 Squad) - सलमान अली आगा (कप्तान), अबरार अहमद, बाबर आजम, फहीम अशरफ, फखर जमान, ख्वाजा मोहम्मद नफे (विकेटकीपर), मोहम्मद नवाज, मोहम्मद सलमान मिर्जा, नसीम शाह, साहिबजादा फरहान (विकेटकीपर), सईम अयूब, शाहीन शाह अफरीदी, शादाब खान, उस्मान खान, उस्मान तारिक।

टी20 वर्ल्ड कप में पाकिस्तान के मैच (Pakistan World Cup Schedule)

पहला मुकाबला- बनाम नीदरलैंड्स: 7 फरवरी, कोलंबो

दूसरा मुकाबला- बनाम USA: 10 फरवरी, कोलंबो

तीसरा मुकाबला- बनाम भारत: 15 फरवरी, कोलंबो

और चौथा मुकाबला- बनाम नामीबिया: 18 फरवरी, कोलंबो

टी20 वर्ल्ड कप में पाकिस्तान का सफर-

पाकिस्तान ने पहले ही एडिशन में फाइनल तक का सफर तय किया था। फाइनल में उसे भारत के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था। दो साल बाद पाकिस्स्तान ने साल 2009 में पहली बार यह ट्रॉफी उठाई। 2010, 2012 और 2021 में पाकिस्तान ने सेमीफाइनल तक का सफर तय किया। 2007 के अलावा टीम 2022 में भी रनर-अप रही थी।
Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article