दोहा: पाकिस्तान शाहीन्स ने बांग्लादेश ए को सुपर ओवर तक गए रोमांचक फाइनल मुकाबले मात देकर एशिया कप राइजिंग स्टार्स का खिताब अपने नाम कर लिया है। 20-20 ओवर के बाद टाई रहे मुकाबले में खिताबी जीत का फैसला सुपर ओवर जरिए हुआ। दोनों टीमें 125-125 रन बना सकीं। सुपर ओवर में पहले बल्लेबाजी करने उतरी बांग्लादेश ए ने 5 गेंद में 2 विकेट पर 6 रन का स्कोर खड़ा किया। ऐसे में पाकिस्तान शाहीन्स ने चार गेंद में 7 रन के विजयी लक्ष्य को बगैर कोई विकेट गंवाए हासिल करके खिताब अपने नाम कर लिया।
125 रन पर ढेर हुआ पाकिस्तान शाहीन
बांग्लादेश ए ने टॉस जीतकर पाकिस्तान शाहीन्स को पहले बल्लेबाजी का न्यौता दिया। ऐसे में पाकिस्तान की शुरुआत खराब रही। कोई भी पाकिस्तानी बल्लेबाज टिककर बल्लेबाजी नहीं कर सका। साद मसूद ने सबसे ज्यादा 38 रन का योगदान दिया। वहीं माज़ सदाकत ने 23 और अराफात मिनहास ने 25 रन बनाए। इनके अलावा और कोई पाकिस्तानी बल्लेबाज दो अंक के आंकड़े को नहीं छू सका। पाकिस्तान की टीम 20 ओवर में 125 रन बनाकर ढेर हो गई। बांग्लादेश ए के लिए सबसे ज्यादा तीन विकेट रिपॉन मंडल ने लिए। वहीं दो विकेट राकिबुल हसन के खाते में गए। एक-एक सफलता महरोब जीशान आलम और अब्दुल गफ्फार सक्लैन को मिली।
बांग्लादेश ने बनाए 20 ओवर में 9 विकेट पर 125 रन
जीत के लिए 126 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी बांग्लादेश ए का हाल भी पाकिस्तान शाहीन्स के गेंदबाजों ने बुरा हाल कर दिया। बांग्लादेश के लगातार विकेट गिरते गए। 48 रन पर बांग्लादेश ने 5 विकेट गंवा दिए थे और मुश्किल में नजर आ रही थी। 96 रन पर बांग्लादेश ने 9 विकेट गंवा दिए थे और उसकी हार निश्चित नजर आ रही थी। ऐसे में अंतिम विकेट के लिए अब्दुल गफ्फार सक्लैन और रिपॉन मंडल ने 29 रन की साझेदारी करके मैच को टाई करा दिया। और मुकाबला सुपर ओवर में पहुंच गया। सक्लैन ने 16(12) रन बनाए वहीं मंडल ने 11(9) रन की पारी खेली। पाकिस्तान के लिए सबसे ज्यादा 3 विकेट सुफियान मुकीम ने लिए। 2-2 सफलता अराफात मिनहास और अहमद दानियाल को मिली। एक विकेट माज सदाकत के खाते में गया।
पाकिस्तान ने ऐसे छीनी बांग्लादेश के जबड़े से जीत
सुपर ओवर में पहले बल्लेबाजी करने उतरी बांग्लादेश ए के लिए बल्लेबाजी करने हबीबुर रहमान सोहन और अब्दुल गफ्फार सक्लैन की जोड़ी उतरी। पहले गेंद पर सक्लैन ने एक रन लिया लेकिन दूसरी गेंद पर सक्लैन खाता खोले बगैर अहमद दानियाल की गेंद पर उनके ही हाथों लपके गए। तीसरी गेंद व्हाइड रही और चौके के लिए चली गई। गेंद पर कुल पांच रन मिले। इसके बाद तीसरी गेंद पर जीशान आलम बोल्ड हो गए। बांग्लादेश की टीम सुपर ओवर में 3 गेंद में 6 रन बना सकी और 7 रन का लक्ष्य जीत के लिए पाकिस्तान को मिला। जिसे उसने आसानी से हासिल करके खिताब अपने नाम कर लिया।
