क्रिकेट

पाकिस्तान ने टी20 विश्व कप 2026 की संभावित टीम लिस्ट आईसीसी को सौंपी लिस्ट, नहीं किया ऐलान

पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने भारत और श्रीलंका की मेजबानी में आयोजित होने जा रहे टी20 विश्व कप 2026 के लिए अपनी संभावित 15 सदस्यीय टीम के नाम आईसीसी को सौंप दिए हैं लेकिन टीम का ऐलान नहीं किया है।

Image

पाकिस्तान राष्ट्रीय क्रिकेट टीम

Photo : AP

लाहौर: पाकिस्तान ने टी20 विश्व कप के लिए अपनी 15 सदस्यीय संभावित टीम अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) को सौंप दी है, लेकिन अभी तक इसे सार्वजनिक नहीं किया है। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) के एक विश्वसनीय सूत्र ने यह जानकारी दी। आईसीसी ने इस टूर्नामेंट में खेलने के लिए सभी टीमों से एक जनवरी तक अपनी संभावित टीम सौंपने के लिए कहा था और पीसीबी ने निर्धारित समय सीमा के भीतर प्रक्रिया पूरी कर ली थी।

सभी टीमों को 31 जनवरी तक अपनी संभावित टीम में बदलाव करने की अनुमति है। उसके बाद किसी भी तरह के बदलाव के लिए आईसीसी की टूर्नामेंट तकनीकी समिति से मंजूरी लेनी पड़ेगी। सूत्रों के अनुसार पाकिस्तान की संभावित टीम में चोटिल तेज गेंदबाज शाहीन शाह अफरीदी, पूर्व कप्तान बाबर आजम और ऑलराउंडर शादाब खान भी शामिल हैं। शादाब कंधे की चोट के कारण पिछले साल मई से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट नहीं खेल पाए हैं।

शादाब ने पिछले महीने बिग बैश लीग में प्रतिस्पर्धी क्रिकेट में वापसी की और उन्हें सात जनवरी से श्रीलंका में शुरू होने वाली तीन मैचों की टी20 अंतरराष्ट्रीय श्रृंखला के लिए पाकिस्तान की टीम में शामिल किया गया है। सूत्रों के अनुसार चयनकर्ताओं ने श्रीलंका के खिलाफ होने वाली श्रृंखला के लिए चुने गए अधिकतर खिलाड़ियों को विश्व कप के लिए अपनी संभावित टीम में जगह दी है।

तेज गेंदबाज हारिस रऊफ को संभावित टीम में भी शामिल नहीं किया गया है, जबकि शाहीन का अंतिम चयन घुटने की चोट से उबरने पर निर्भर करेगा। वह पिछले महीने बिग बैश लीग में खेलने के दौरान चोटिल हो गए थे। स्पिनर उस्मान तारिक और अबरार अहमद, ऑलराउंडर फहीम अशरफ और मोहम्मद नवाज, साइम अयूब, साहिबजादा फरहान, फखर जमां, नसीम शाह, उस्मान खान, मोहम्मद वसीम जूनियर और सलमान अली आगा संभावित टीम में शामिल अन्य खिलाड़ी हैं।

(भाषा)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article