क्रिकेट

सीनियर टीम के इस कोच से छुट्टी चाहता है पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड, लेकिन...

माइक हेसन को सीमित ओवरों की टीम का नया हेड कोच नियुक्त किए जाने के बाद पीसीबी के सामने एक बड़ी समस्या खड़ी हो गई है। टेस्ट टीम के अंतरिम कोच के रूप में काम कर रहे पूर्व ऑलराउंडर को वो हटाना चाहता है लेकिन वो ऐसा नहीं कर पा रही है।

Image

अजहर महमूद( फोटो क्रेडिट ICC X)

कराची: पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) पूर्व टेस्ट ऑलराउंडर और लाल गेंद प्रारूप के अंतरिम कोच अजहर महमूद को कार्यमुक्त करना चाहता है लेकिन वह बोर्ड के पिछले प्रबंधन के साथ उनके अनुबंध के कारण ऐसा करने में असमर्थ है। पीसीबी के एक करीबी सूत्र ने बताया कि महमूद को अगर उनके अनुबंध समाप्त होने से पहले रिलीज किया जाता है, तो पीसीबी को उन्हें छह महीने के वेतन का मुआवजा देना होगा। यह रकम लगभग 45 करोड़ पाकिस्तान रुपये (13.60 करोड़ भारतीय रुपये) है।

इस अंदरूनी सूत्र ने कहा,'यही कारण है कि पीसीबी ने हाल ही में उन्हें राष्ट्रीय टेस्ट टीम का अंतरिम मुख्य कोच नियुक्त किया है। महमूद का अनुबंध अगले साल अप्रैल-मई में समाप्त हो रहा है।' उन्होंने बताया कि पीसीबी इस पूर्व हरफनमौला को प्रति माह लगभग 75 लाख पाकिस्तानी रुपये का वेतन दे रहा है। सूत्र के मुताबिक, 'यह समस्या तब सामने आई जब हाल ही में नियुक्त सीमित ओवरों के मुख्य कोच माइक हेसन ने यह स्पष्ट कर दिया कि उन्हें अपने मुताबिक स्पोर्ट स्टाफ चाहिये और महमूद उनकी पसंद में शामिल नहीं हैं।'

उन्होंने कहा, 'इससे पीसीबी के सामने यह बड़ी समस्या आ गई कि महमूद की विशेषज्ञता का उपयोग कैसे किया जाए ताकि उन्हें इतनी मोटी रकम देने को उचित ठहराया जा सके। बोर्ड उन्हें छह महीने के वेतन के साथ कार्यमुक्त नहीं करना चाहता था।'

बोर्ड में जिस तरह से काम हो रहा है उससे अजहर खुद भी खुश नहीं हैं। उन्होंने राष्ट्रीय जूनियर टीम की जिम्मेदारी देने का अनुरोध किया था लेकिन उन्हें पीसीबी के कुछ अंदरूनी सूत्रों से विरोध का सामना करना पड़ा है। इस सूत्र बताया कि पीसीबी को चैंपियंस कप आयोजनों में घरेलू टीमों के मेंटोर के रूप में वकार यूनिस, सकलैन मुश्ताक, मिस्बाह उल हक और सरफराज अहमद को उनके अनुबंधों से मुक्त करने की कोशिश करते हुए भी वित्तीय देनदारियों का सामना करना पड़ा था। इस टूर्नामेंट को हालांकि सिर्फ एक सत्र के बार रद्द कर दिया गया।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article