क्रिकेट

एशिया कप से पहले यूएई में खत्म हुआ पाकिस्तान टीम के 16 साल का श्राप

पाकिस्तान ने एशिया कप से पहले एक बड़ी उपलब्धि हासिल कर ली। यूएई की धरती पर पाकिस्तान की टीम आज तक टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 200 रन का आंकड़ा नहीं हासिल कर पाई थी, लेकिन यूएई के खिलाफ मैच में उसने यह कारनामा कर दिया है।

Image

हसन नवाज और सैम अयूब (साभार-ICC AND ANI)

एशिया कप 2025 से पहले पाकिस्तान क्रिकेट टीम के 16 साल का एक श्राप खत्म हो गया है। इसके साथ ही पाकिस्तान क्रिकेट टीम ने उन आलोचकों को एक कड़ा संदेश दिया है, जो एशिया कप में भारत के बाद अफगानिस्तान को दूसरा दावेदार बता रहे थे। पाकिस्तान ने ट्राई सीरीज के अपने दूसरे मुकाबले में यूएई के खिलाफ मैच में 200 रन का आंकड़ा छुआ। पाकिस्तान टीम का सेकेंड होम ग्राउंड यूएई ही है। यहां पाकिस्तान की टीम 2009 से खेल रही है, लेकिन आज तक टी20 क्रिकेट में 200 रन का आंकड़े तक नहीं पहुंच पाई थी।

यूएई के खिलाफ खत्म हुआ इंतजार

ट्राई सीरीज के दूसरे मुकाबले में पाकिस्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। युवा बल्लेबाज सैम अयूब ने इसकी नींव रखी, जिसे मंजिल तक पहुंचाया हसन नवाज ने जिन्होंने आखिर के कुच ओवरों में ताबड़तोड़ बल्लेबाजी की। नवाज ने 6 छक्कों और 2 चौकों की मदद से 26 गेंद में 56 रन की पारी खेली। इससे पहले अयूब 38 गेंद में 69 रन बनाकर आउट हुए। दोनों की पारी का ही नतीजा था कि पाकिस्तान ने 20 ओवर में 207 रन का स्कोर खड़ा किया और 16 साल के इंतजार को खत्म किया।

जीत के रथ पर सवार पाकिस्तान

एशिया कप में पाकिस्तान की टीम को अफगानिस्तान की तुलना में कम आंका जा रहा है। ऐसे में पिछले दो मुकाबलो में उसने जिस तरह की बल्लेबाजी का परिचय दिया है वह बाकी टीमों के लिए एक कड़ा संदेश है। पाकिस्तान लगातार दो मुकाबले जीत चुका है। पहले मैच में उसने अफगानिस्तान को 39 रन से हरा दिया था। ऐसे में एशिया कप 2025 में इस टीम को इसका फायदा जरूर मिलेगा।

ग्रुप ए में भारत के साथ है पाकिस्तान

एशिया कप की बात करें तो पाकिस्तान को टीम इंडिया के साथ ग्रुप ए में रखा गया है। इन दो टीमों के अलावा यूएई और ओमान तीसरी और चौथी टीम है। 14 सितंबर को भारत और पाकिस्तान के बीच इस टूर्नामेंट का सबसे बड़ा मुकाबला होना है। पाकिस्तान की टीम पहले से ही यूएई में खेल रही है और टीम इंडिया 4 सितंबर को वहां पहुंचेगी। ऐसे में भारत के खिलाफ पाकिस्तान के पास अपर हैंड है।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article