क्रिकेट

PAK vs CAN Pitch Report: T20 विश्व कप में पाकिस्तान-कनाडा आज के मैच की पिच रिपोर्ट

T20 World Cup 2024, PAK vs CAN Pitch Report In Hindi Today Match: आज (11 June 2024) आईसीसी टी20 विश्व कप 2024 में पाकिस्तान और कनाडा के बीच मुकाबला खेला जाएगा। इत्तेफाक कि बात है कि कनाडा का कप्तान भी पाकिस्तानी ही है। ये मुकाबला न्यूयॉर्क के नसाऊ काउंटी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाना है। पाकिस्तान अपने शुरुआती दो मैच हार चुका है और उसके लिए आज का मैच करो या मरो का मुकाबला होगा। आइए जानते हैं आज कैसी होगी पाकिस्तान-कनाडा मैच की पिच रिपोर्ट औऱ क्या कहते हैं इन दोनों टीमों के आंकड़े।

Image

पाकिस्तान बनाम कनाडा पिच रिपोर्ट

KEY HIGHLIGHTS
  • टी20 वर्ल्ड कप 2024 में आज अहम मुकाबला
  • पाकिस्तान और कनाडा के बीच होगी टक्कर
  • न्यूयॉर्क में होगा पाकिस्तान के लिए करो या मरो का मैच

T20 World Cup 2024, PAK vs CAN Pitch Report In Hindi Today Match: लगातार दो मुकाबले हारने के बाद टी20 विश्व कप 2024 में पाकिस्तान क्रिकेट टीम (Pakistan Cricket Team) की स्थिति गंभीर हो गई है। पहले अमेरिका के खिलाफ उलटफेर के शिकार हुए और उसके बाद टीम इंडिया ने महामुकाबले में मात दे दी। अब आज पाकिस्तानी टीम के सामने कनाडा की टीम होगी। ये मुकाबला पाकिस्तान के लिए करो या मरो का मुकाबला होगा क्योंकि अगर हार की हैट्रिक हुई तो सुपर-8 राउंड में जाने के उनके रास्ते तकरीबन बंद हो जाएंगे। आज होने वाला पाकिस्तान-कनाडा मुकाबला न्यूयॉर्क के नसाऊ काउंटी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। पाकिस्तानी टीम की कमान बाबर आजम (Babar Azam) संभालेंगे। वहीं, कनाडा टीम की कप्तानी करेंगे साद बिन जफर (Saad Bin Zafar)। ये दिलचस्प बात है कि कनाडा के कप्तान का जन्म भी पाकिस्तान में ही हुआ था।

पाकिस्तान और कनाडा के बीच आज होने वाले टी20 वर्ल्ड कप मैच से पहले आपको बता देते हैं कि इन दोनों टीमों का टी20 अंतरराष्टीय क्रिकेट में इतिहास कैसा रहा है। पाकिस्तान और कनाडा की टीमों के बीच आज तक सिर्फ 1 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेला गया है। वो मुकाबला अक्टूबर 2008 में कनाडा के ओंटारियो शहर में खेला गया था। उस समय तक एक विश्व कप खेला जा चुका था लेकिन टी20 क्रिकेट काफी नया प्रारूप था। मैच में पाकिस्तानी टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 137 रन बनाए थे। जवाब में कनाडा 20 ओवर में 9 विकेट पर 109 रन ही बना सकी थी और 35 रन से मैच गंवा दिया था। अब तकरीबन 16 सालों बाद पाकिस्तान और कनाडा की एक बार फिर आज भिड़ंत होने जा रही है लेकिन अब कनाडा एक बेहतर टीम के रूप में विकसित हो चुकी है जिसमें कई भारतीय और पाकिस्तानी खिलाड़ी मौजूद हैं।

पाकिस्तान-कनाडा मैच की पिच रिपोर्ट (PAK vs CAN Pitch Report)

आज पाकिस्तान और कनाडा के बीच टी20 विश्व कप 2024 का मुकाबला न्यूयॉर्क के उसी नसाऊ काउंटी अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में होने जा रहा है जहां एक दिन पहले ही भारत ने पाकिस्तान को शिकस्त दी थी। इस मैदान की पिच पर बल्लेबाजी आसान नहीं अब इस पहलू से सब वाकिफ हो चुके हैं यहां पर रन बनाने के लिए आपको कुछ अलग करके दिखाना होगा। इस पिच पर गेंदबाजों का दबदबा देखा गया है और खासतौर पर तेज गेंदबाज यहां आग उगलते नजर आए हैं। इसी से अंदाजा लगा लीजिए कि भारत-पाकिस्तान मैच में इस पिच पर दोनों पारियां मिलाकर 17 विकेट गिरे जिसमें 15 विकेट तेज गेंदबाजों ने लिए थे, 1 विकेट स्पिनर को मिला और एक बल्लेबाज रन आउट हुआ। तो कुल मिलाकर आज के मैच में पाकिस्तान और कनाडा के तेज गेंदबाजों का अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन देना होगा और वही इस मैच की दशा और दिशा तय करेगा।

इन खिलाड़ियों पर रहेंगी नजरें (PAK vs CAN Players To Watch Out In New York)

कनाडा और पाकिस्तान के बीच होने वाले इस मैच में पाकिस्तान की तरफ से सबकी निगाहें मोहम्मद रिजवान (Mohammad Rizwan), नसीम शाह (Naseem Shah), शाहीन शाह अफरीदी (Shaheen Shah Afridi), हारिस राउफ (Haris Rauf) और मोहम्मद आमिर (Mohammad Amir) पर टिकी होंगी। वहीं कनाडा की तरफ से उनके कप्तान साद बिन जफर के अलावा नवनीत धालीवाल (Navneet Dhaliwal), निकोलस किरटन (Nicholas Kirton), जेरेमी गॉर्डन (Jeremy Gordon) और डिलन हेलिगर (Dilon Heyliger) से उम्मीदें होंगी।

पाकिस्तान और कनाडा की टी20 टीमें (Pakistan and Canada Squads)

पाकिस्तानी टी20 टीमः बाबर आजम (कप्तान), अबरार अहमद, आजम खान, फखर जमां, हारिस राऊफ, इफ्तिखार अहमद, इमाद वसीम, मोहम्मद अब्बास अफरीदी, मोहम्मद आमिर, मोहम्मद रिजवान, शाहीन शाह अफरीदी, उस्मान खान, नसीम शाह, सैम अयूब और शादाब खान।

कनाडा टी20 टीमः साद बिन जफर (कप्तान), आरोन जॉनसन, रविंदरपाल सिंह, नवनीत धालीवाल, कलीम सना, डिलोन हेलिगर, जेरेमी गोर्डन, निखिल दत्ता, दिलप्रीत बाजवा, श्रेयस मोव्वा, ऋषिव जोशी, परगट सिंह, निकोलस किरटन, रेयानखान पठान और जुनैद सिद्दीकी।

Shivam Awasthi
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article