PAK vs AUS 1st T20 Highlights: पाकिस्तान ने ऑस्ट्रेलिया को पहले टी20 में दी पटखनी, सीरीज में हासिल की 1-0 की बढ़त
Pakistan vs Australia 1st T20 Highlights: पाकिस्तान ने ऑस्ट्रेलिया को लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में खेले गए सीरीज के पहले टी20 मुकाबले में 22 रन के अंतर से मात देकर सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है। ऐसा रहा मैच के पल पल का हाल।
PAK vs AUS 1st T20 Highlights: पाकिस्तान ने ऑस्ट्रेलिया को पहले टी20 में दी पटखनी, सीरीज में हासिल की 1-0 की बढ़त
अंतिम ओवर में ऑस्ट्रेलिया नहीं बना पाया 32 रन
इसके बाद जीत के लिए 169 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी ऑस्ट्रेलियाई टीम की शुरुआत खराब रही। मैथ्यू शॉर्ट 5 रन बनाकर दूसरे ही ओवर में सैम अयूब की गेंद पर बोल्ड हो गए। इसके बाद अयूब ने चौथे ओवर में तेजी से रन बना रहे ट्रेविस हेड को बाबर आजम के हाथों कैच कराकर चलता कर दिया। 28 रन पर दो विकेट गंवाने के बाद ऑस्ट्रेलिया के लिए एक छोर कैमरन ग्रीन ने कुछ देर संभाला लेकिन दूसरे छोर पर विकेटों की झड़ी लगी रही। कुछ देर उनका साथ मैच रेनेशा ने दिया लेकिन उनके आउट होने के बाद आधी टीम 80 के स्कोर पर पवेलियन लौट चुकी थी। इसके बाद ग्रीन 36 रन बनाकर आउट हुए तो ऑस्ट्रेलिया की जीत की आशाएं भी खत्म हो गईं। अंत में जेवियर बार्टले ने कुछ बेहतरीन शॉट खेले और टीम को जीत के करीब ले गए लेकिन उनके सामने अंतिम ओवर में 6 गेंद पर 32 रन का बड़ा लक्ष्य आ खड़ा हुआ। इसे वो पार नहीं कर सके। ऑस्ट्रेलिया 20 ओवर में 8 विकेट पर 146 रन बना सकी और मैच 22 रन से गंवा दिया। बार्टले 34(25) रन बनाकर और ए़डम जंपा 5(10) रन बनाकर नाबाद रहे। पाकिस्तान के लिए सबसे ज्यादा 2-2 विकेट सैम अयूब और अबरार अहमद ने लिए। 1-1 सफलता शादाब खान और मोहम्मद नवाज को मिली। दो कंगारू खिलाड़ी रन आउट हुए।
पाकिस्तान ने बनाए 20 ओवर में 8 विकेट पर 168 रन
पाकिस्तान ने ऑस्ट्रेलिया के सामने लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में खेले जा रहे सीरीज के पहले टी20 मुकाबले में 20 ओवर में 8 विकेट पर 168 रन का स्कोर खड़ा किया। पहली ही गेंद पर साहिबजादा फरहान का विकेट गंवाने के बाद पाकिस्तान की पारी को कप्तान सलमान आगा और सैम अयूब ने संभाला। दोनों स्कोर को 74 रन तक ले गए। इसके बाद पाकिस्तानी बल्लेबाज एडम जंपा की फिरकी में फंस गए। सैम अयूब ने सबसे ज्यादा 40(22) और कप्तान सलमान आगा ने 39(27) रन की पारी खेली।दोनों के पवेलियन लौटने के बाद पाकिस्तान के लगातार विकेट गिरते गए और पूरी टीम 20 ओवर में 8 विकेट पर 168 रन बना सकी। ऑस्ट्रेलिया के लिए एडम जंपा ने सबसे ज्यादा 4 विकेट लिए। वहीं 2-2 विकेट जेवियर बार्टले और महली बार्डमैन के खाते में गए। ऑस्ट्रेलिया को जीत के लिए 169 रन का आसान लक्ष्य पहले टी20 में मिला है।
पाकिस्तान और ऑस्ट्रेलिया के बीच तीन मैच की टी20 सीरीज का पहला मुकाबला आज लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में खेला जा रहा है। टी20 विश्व कप से पहले दोनों टीमों की यह आखिरी सीरीज जहां दोनों अपनी तैयारियों को परखने और कमर कसने के इरादे से मैदान में उतरेंगी। दोनों टीमों के बीच सीरीज में कांटे की टक्कर देखने को मिल सकती है।सीरीज में पाकिस्तान टी20 टीम की कमान सलमान अली आगा (Salman Ali Agha) के हाथों में है। जबकि मेहमान ऑस्ट्रेलियाई टी20 टीम की कप्तानी ऑलराउंडर मिचेल मार्श (Mitchell Marsh) कर रहे हैं।
ऐसी रही है दोनों के बीच भिड़ंत (PAK vs AUS head to Head)
पाकिस्तान और ऑस्ट्रेलिया के बीच अब तक 28 टी20 मैच खेले जा चुके हैं, जिसमें मुकाबला कांटे का रहा है। ऑस्ट्रेलिया ने 14 बार पाकिस्तान को हराया है, जबकि पाकिस्तान ने 13 बार ऑस्ट्रेलिया को शिकस्त दी है। दोनों टीमों के बीच एक मैच टाई भी रहा था। पाकिस्तान की जमीन पर अब तक इन दोनों टीमों के बीच सिर्फ एक टी20 मैच खेला गया है और वो मैच 2022 में हुआ था। उस मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया विजयी रहा था।
दोनों टीमों की प्लेइंग-11
पाकिस्तान की प्लेइंग-11: साहिबजादा फरहान, सईम अयूब, बाबर आजम, सलमान आगा (कप्तान), फखर ज़मा, शादाब खान, उस्मान खान (विकेटकीपर), मोहम्मद नवाज, शाहीन शाह अफरीदी, सलमान मिर्जा, अबरार अहमद।
ऑस्ट्रेलिया की प्लेइंग-11: ट्रैविस हेड (कप्तान), मैट शॉर्ट, कैमरून ग्रीन, मैट रेनशॉ,कूपर कोनोली, मिचेल ओवेन, जोश फिलिप (विकेटकीपर), जैक एडवर्ड्स, जेवियर बार्टलेट, एडम ज़म्पा, महली बियर्डमैन
ऐसी हैं दोनों टीम(Pakistan Australia Squad for T20 Series)
पाकिस्तान क्रिकेट टीम (Pakistan National Cricket team)
सलमान अली आगा (कप्तान), अबरार अहमद, बाबर आज़म, फहीम अशरफ, फखर ज़मान, ख्वाजा नफे, मोहम्मद नवाज, सलमान मिर्जा, मोहम्मद वसीम, नसीम शाह, साहिबजादा फरहान, सईम अयूब, शाहीन शाह अफरीदी, शादाब खान, उस्मान खान, उस्मान तारिक
ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम (Australia National Cricket team)
मिशेल मार्श (कप्तान), सीन एबॉट, जेवियर बार्टलेट, महली बियर्डमैन, कूपर कोनोली, बेन ड्वारशुइस, जैक एडवर्ड्स, कैमरन ग्रीन, ट्रैविस हेड, जोश इंग्लिस, मैथ्यू कुह्नमैन, मिच ओवेन, जोश फिलिप, मैथ्यू रेनशॉ, मैट शॉर्ट, मार्कस स्टोइनिस, एडम ज़म्पा
