क्रिकेट

On this day 22 June: आज ही के दिन पहली बार लॉर्ड्स टेस्ट में दिखी थी दुनिया को 'दादागिरी'

  • Authored by: नवीन चौहान
  • Updated Jun 22, 2023, 07:00 AM IST

भारतीय क्रिकेट टीम के सर्वकालिक महान खिलाड़ियों में शुमार सौरव गांगुली के बल्ले की चमक आज के ही दिन लॉर्ड्स के ऐतिहासिक मैदान पर दुनिया ने 22 जून 1996 को देखी थी। उस मैच में शुरू हुई दादागिरी करियर के खत्म होने तक नहीं रुकी।

Image

सौरव गांगुली

/नई दिल्ली: 22 जून, 1996 को भारतीय क्रिकेट इतिहास में हमेशा के लिए सौरव गांगुली ने अपने डेब्यू टेस्ट मैच में शतक जड़कर यादगार बना दिया था। कप्तान मोहम्मद अजहरुद्दीन के साथ खींचातनी के बीच नवजोत सिंह सिद्धू ने अचानक इंग्लैंड दौरे के बीच अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास का ऐलान कर दिया था।

हाथ आए मौके को गांगुली ने नहीं जाने दिया खाली

पहले टेस्ट में 8 विकेट से हार का सामना करने के बाद टीम इंडिया सीरीज में 0-1 से पिछड़ रही थी। ऐसे में अजहरुद्दीन ने दो नए खिलाड़ियों सौरव गांगुली और राहुल द्रविड़ को टेस्ट डेब्यू का एक साथ मौका दिया। दोनों ही खिलाड़ियों ने पहले टेस्ट मैच में अपनी छाप छोड़कर ये साबित कर दिया कि दोनों लंबी रेस के घोड़े हैं। दोनों ने डेब्यू टेस्ट में शानदार प्रदर्शन किया और भारतीय टीम को हार से बचा लिया। सौरव गांगुली ने जहां लॉर्ड्स के ऐतिहासिक मैदान पर अपने करियर की पहली पारी में शानदार शतक जड़कर इतिहास रच दिया। वो लॉर्ड्स में टेस्ट शतक जड़ने वाले पहले भारतीय बने। वहीं राहुल द्रविड़ ऐसा करने से चूक गए। मैच की पहली पारी में द्रविड़ ने 95 और दूसरी में 84 रन की पारी खेली।

श्रीनाथ और प्रसाद ने ढाया था कहर

मैच में भारत ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। ऐसे में इंग्लैंड ने वेंकटेश प्रसाद और जवागल श्रीनाथ की शानदार गेंदबाजी की बदौलत मेजबान टीम को 344 रन पर ढेर कर दिया। वेंकटेश के खाते में 5 और श्रीनाथ के थाते में तीन विकेट गए थे। सौरव गांगुली ने भी दो विकेट अपने नाम किए। विकेटकीपर बल्लेबाज जैक रसेल ने 124 और ग्राहम थोर्प ने 89 रन की पारी खेलकर टीम को मुश्किल से उबारा और टीम को 300 रन के पार पहुंचाया। 107 के स्कोर पर ही इंग्लैंड के पांच खिलाड़ी पवेलियन वापस लौट चुके थे।

लॉर्ड्स में टेस्ट शतक जड़ने वाले पहले भारतीय

इसके बाद बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत खराब रही और 25 रन पर विक्रम राठौड़ पवेलियन लौट गए। ऐसे में पहली बार मैदान पर सफेद जर्सी पहनकर बल्लेबाजी करने सौरव गांगुली उतरे। सौरव गांगुली ने इसके बाद एक छोर संभाल लिया और ऑफ साइड में शानदार ड्राइव शॉट्स खेलकर दर्शकों के मन मोह लिए। वो एक छोर पर टिके रहे और दूसरे छोर से विकेट गिरते गए। 202 के स्कोर पर उनका साथ देने राहुल द्रविड़ आए। दोनों ने मिलकर टीम को 300 रन के करीब पहुंचाया। सौरव गांगुली 301 गेंद पर 131 रन बनाकर एलन मुलाली की गेंद पर बोल्ड होकर पवेलियन वापस लौटे।

द्रविड़ डेब्यू में शतक से चूके

गांगुली के आउट होने के बाद राहुल द्रविड़ ने एक छोर संभाले रखा और पुछल्ले बल्लेबाजों के साथ बल्लेबाजी करते हुए टीम के स्कोर को 400 के पार पहुंचा दिया। लेकिन वो दुर्भाग्यशाली रहे और अपने डेब्यू टेस्ट में शतक जड़ने से महज 5 रन दूर रह गए। लुईस ने उन्हें विकेट के पीछे जैक रसेल के हाथों कैच करा दिया। द्रविड़ ने अपनी पारी में 267 गेंद में 95 रन बनाए और इस दौरान 6 चौके जड़े।

अपने नाम किए थे गांगुली ने ये रिकॉर्ड

सौरव गांगुली लॉर्ड्स में टेस्ट शतक जड़ने वाले पहले भारतीय बल्लेबाज बनने के साथ साथ डेब्यू टेस्ट में शतक जड़ने वाले 10वें भारतीय बने थे। वो अपनी डेब्यू पारी में शतक जड़ने वाले सातवें भारतीय भी बने। गांगुली अपने डेब्यू टेस्ट में सैकड़ा जमाने वाले दुनिया के 61वें प्लेयर थे। इस पारी के बाद गांगुली ने पीछे मुड़कर नहीं देखा। सीरीज के अगले टेस्ट में उन्होंने लगातार दूसरा शतक जड़ दिया। इसके चार साल बाद वो भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान भी बने और भारतीय क्रिकेट को उन्होंने हमेशा के लिए बदलकर रख दिया।

नवीन चौहान
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article