क्रिकेट

On This Day 2018: 17 साल की एमिलिया ने खेली थी रिकॉर्ड तोड़ पारी, अब तक नहीं तोड़ पाया कोई

  • Authored by: समीर कुमार ठाकुर
  • Updated Jun 13, 2023, 10:55 AM IST

On This Day 2018: आज से ठीक 5 साल पहले न्यूजीलैंड की युवा बैटर एमिलिया केर ने 21 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ा था। उन्होंने आयरलैंड के खिलाफ इस मैच में 232 रन की पारी खेली थी जो अब तक कोई भी नहीं तोड़ पाया है। यह वनडे क्रिकेट में सर्वाधिक व्यक्तिगत स्कोर है।

Image

एमिलिया केर (साभार-Instagram)

KEY HIGHLIGHTS
  • आयरलैंड के खिलाफ एमिलिया केर ने बनाया रिकॉर्ड
  • खेली थी वनडे की सर्वाधिक व्यक्तिगत स्कोर वाली पारी
  • तोड़ा था 21 साल पुराना रिकॉर्ड

13 जून की तारीख न्यूजीलैंड क्रिकेट फैंस के लिए बेहद खास है। आज से ठीक 5 साल पहले यानी साल 2018 में न्यूजीलैंड की युवा बैटर एमिलिया केर ने एक ऐसी रिकॉर्डतोड़ पारी खेली, जिसे आज तक कोई भी नहीं तोड़ पाया है। केर ने आयरलैंड के खिलाफ इस मैच में 145 गेंद पर 232 रन की नाबाद पारी खेली थी, जो वनडे क्रिकेट में किसी भी खिलाड़ी द्वारा सर्वाधिक व्यक्तिगत स्कोर है। उन्होंने अपनी पारी में 31 चौके और 2 छक्के लगाए थे।

केर ने तोड़ा था बेलिंडा क्लार्क का रिकॉर्ड

केर ने इस पारी के दम पर वनडे क्रिकेट में सर्वाधिक व्यक्तिगत स्कोर का रिकॉर्ड अपने नाम किया था। उन्होंने 21 साल पुराना बेलिंडा क्लार्क के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ा था, जिसने 1997 में 229 रन की पारी खेलकर अपने नाम किया था। केर उस वक्त केवल 17 साल की थी।

न्यूजीलैंड ने बनाए थे 440 रन

एमिलिया केर की इस विस्फोटक पारी के दम पर न्यूजीलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 3 विकेट के नुकसान पर 440 रन बनाए थे, जो वनडे क्रिकेट का सर्वाधिक टोटल है। केर के अलावा ले कास्परेक ने शतकीय पारी खेली थी। उन्होंने 105 गेंद पर 113 रन की पारी खेली थी। जवाब में आयरलैंड की टीम केवल 135 रन बनाकर ढेर हो गई थी और न्यूजीलैंड ने यह मुकाबला 305 रन के भारी अंतर से जीत लिया था। इसके साथ ही न्यूजीलैंड ने आयरलैंड के खिलाफ 3 मैच की वनडे सीरीज पर 3-0 से कब्जा कर लिया था।

एमिलिया केर का क्रिकेट करियर

साल 2016 में पाकिस्तान के खिलाफ डेब्यू करने वाली केर ने अब तक अपने देश न्यूजीलैंड के लिए 59 वनडे में 1,362 और इतने ही टी20 मैच में 657 रन बनाए हैं। गेंदबाजी में भी केर का रिकॉर्ड शानदार रहा है। गेंदबाजी में केर के नाम वनडे में 77 और टी20 में 58 विकेट हैं।
समीर कुमार ठाकुर
समीर कुमार ठाकुर author

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटब... और देखें

End of Article