क्रिकेट

NZ vs ENG 2nd Test: इंग्लैंड ने दूसरे ही दिन बढ़ाए जीत की ओर कदम, रिकॉर्ड बने झमाझम

इंग्लैंड की टीम ने न्यूजीलैंड के खिलाफ वेलिंगटन में खेले जा रहे सीरीज के दूसर टेस्ट मैच के दूसरे ही दिन दूसरी पारी में 533 रन की बढ़त के साथ जीत की ओर कदम बढ़ा लिए हैं। जानिए दूसरे दिन के खेल का कैसा रहा हाल?

Image

इंग्लैंड क्रिकेट टीम (साभार ECB)

वेलिंगटन: गस एटकिंसन (31 रन पर चार विकेट) की हैट्रिक के बाद जैकब बेथेल (96) और बेन डकेट (92) की अगुवाई में आक्रामक बल्लेबाजी से इंग्लैंड ने न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच के दूसरे दिन शनिवार को यहां अपनी दूसरी पारी में पांच विकेट पर 378 रन बनाकर 533 रन की बड़ी बढ़त हासिल कर ली। दिन का खेल खत्म होते समय जो रूट 73 और कप्तान बेन स्टोक्स 35 रन पर बल्लेबाजी कर रहे थे।

रूट ने खेली टेस्ट में 100वीं 50+ रन की पारी

रूट इस अर्धशतकीय पारी के साथ टेस्ट में 50 या उससे अधिक का अपना 100वां स्कोर बनाया। वह इस उपलब्धि को हासिल करने वाले चौथे बल्लेबाज बन गये। उनसे पहले यह कारनामा सचिन तेंदुलकर, जैक्स कैलिस और रिकी पोंटिंग ने किये हैं। इंग्लैंड की टीम जब भी अपनी पारी को घोषित करेगी न्यूजीलैंड को इस मैच को जीतने के लिए टेस्ट का नया रिकॉर्ड कायम करना होगा। चौथी पारी में सफलतापूर्वक सबसे बड़ी लक्ष्य का पीछा करने का रिकॉर्ड वेस्टइंडीज के नाम है। वेस्टइंडीज ने सेंट जोन में 21 साल पहले ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 418 रन का लक्ष्य हासिल किया था।

पहले टेस्ट शतक से चूके जैकब बैथल

स्टोक्स ने क्रीज पर आते ही एक चौका और दो छक्के जड़ें जिससे लगा कि टीम आज ही अपनी पारी घोषित कर देगी लेकिन ऐसा नहीं हुआ। इंग्लैंड की दूसरी पारी में बेथल चार रन से अपने पहले शतक का जश्न मनाने से चूक गये। उन्होंने डकेट के साथ दूसरे विकेट के लिए 220 गेंद में 187 रन की साझेदारी के साथ मैच में न्यूजीलैंड की वापसी का रास्ता काफी मुश्किल कर दिया।

पहली पारी में शतक जड़ने वाले हैरी ब्रुक ने दूसरी पारी में 55 रन बनाये।

एटकिंसन बने इंग्लैंड के 15वें हैट्रिक चटकाने वाले बॉलर

इससे पहले एटकिंसन टेस्ट में हैट्रिक लेने वाले इंग्लैंड के 15वें गेंदबाज बने। उनसे पहले मोईन अली ने 2017 में यह कारनामा किया था। एटकिंसन ने नाथन स्मिथ, मैट हेनरी और टिम साउथी के विकेट के साथ न्यूजीलैंड की पहली पारी को महज 125 रन पर खत्म किया। इंग्लैंड के लिए ब्रायडन कार्स ने भी चार विकेट लिए जबकि क्रिस वोक्स और स्टोक्स को एक-एक सफलता मिली।

दूसरी पारी में इंग्लैंड ने की बेखौफ बल्लेबाजी

पहली पारी में न्यूजीलैंड पर 155 रन की बढ़त लेने के बाद इंग्लैंड ने दूसरी पारी में बेखौफ अंदाज में बल्लेबाजी की। तीन मैचों की श्रृंखला का पहला टेस्ट इंग्लैंड ने आठ विकेट से जीता था। न्यूजीलैंड को श्रृंखला में वापसी करने के लिए इस मैच में किसी चमत्कार की जरूरत होगी।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article