क्रिकेट

अकरम या इमरान नहीं शोएब अख्तर ने चुना पाकिस्तान का बेस्ट फास्ट बॉलर, कारण भी बताया

पाकिस्तान के स्पीडस्टार शोएब अख्तर ने बेस्ट गेंदबाज के बारे में बात की। उन्होंने वसीम अकरम या इमरान खान जैसे दिग्गज गेंदबाजों का नाम नहीं लिया। अख्तर अपनी बेबाकी के लिए जाने जाते हैं।

Image

शोएब अख्तर (साभार-X ICC)

किसी से भी पूछा जाए कि पाकिस्तान क्रिकेट टीम का सबसे उम्दा गेंदबाज कौन है तो एक सुर में सबका जवाब वसीम अकरम होगा, लेकिन स्पीडस्टार शोएब अख्तर इससे इत्तेफाक नहीं रखते। उनका मानना है कि अगर दिमाग लगाकर गेंदबाजी करने वाले गेंदबाज की बात करें तो बाएं हाथ के मोहम्मद आमिर पाकिस्तान के सबसे उम्दा तेज गेंदबाज हैं। अख्तर के अनुसार आमिर के पास फील्ड प्लेसमेंट से लेकर मैच की स्थिति के अनुसार गेंदबाजी करने की अद्भुत कला थी।

उन्होंने कहा कि अगर गेम की स्थिति को भांपकर गेंदबाजी करने की बात करें तो आमिर का कोई जवाब नहीं था। वह अलग-अलग बल्लेबाजों के लिए अलग-अलग लेंथ का इस्तेमाल करते थे और यही कला उनकों बाकियों से अलग बनाती है। अगर दिमाग की बात करें तो वह पाकिस्तान के बेस्ट फास्ट बॉलर थे। वह अब भी इसी स्टाइल में गेंदबाजी करते हैं।

PSL का हिस्सा थे आमिर

आमिर के हालिया प्रदर्शन की बात करें तो वह पीएसएल का हिस्सा थे। क्वेटा ग्लैडिएटर्स से खेलते हुए आमिर ने 9 मैच में 18.07 की औसत और 7.79 की इकोनॉमी से 13 विकेट चटकाए थे। 33 साल की उम्र में संन्यास ले चुके आमिर ने पाकिस्तान के लिए तीनों फॉर्मेट खेले हैं। उन्होंने पाकिस्तान के लिए 36 टेस्ट, 61 वनडे और 62 टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले में क्रमश: 119, 81 और 71 विकेट चटकाए हैं।

हालांकि, पाकिस्तान की ओर से सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाजों की बात करें तो मोहम्मद आमिर का नाम टॉप-10 गेंदबाजों की लिस्ट में नहीं आता है। इस लिस्ट में वसीम अकरम टॉप पर हैं। अकरम ने पाकिस्तान के लिए 460 मैच की 532 पारी में सर्वाधिक 916 विकेट चटकाए हैं।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article