एशिया कप 2026 में शनिवार को भारत और पाकिस्तान की टक्कर हुई जहां पाक कप्तान फातिमा सना ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। लेकिन दोनों टीम के कप्तान ने एक बार फिर हाथ मिलाने से परहेज किया है। टॉस के बाद समान्यतौर पर दोनों टीम के कप्तान हाथ मिलाते हैं, लेकिन पिछले कुछ समय से चल रहे हाथ ना मिलाने का सिलसिला यहां भी जारी रहा। टॉस के बाद दोनों ने एक दूसरे को नजरअंदाज किया और आगे बढ़ गए।
हाथ ना मिलाने का यह सिलसिला पिछले साल 14 सितंबर को इसी मैदान पर और इसी टूर्नामेंट में शुरू हुआ था। हालांकि, इसकी शुरुआत मेंस एशिया कप में हुई थी। 22 अप्रैल को हुए पहलगाम हमले के बाद खेले गए इस मैच में तत्कालीन भारतीय टी20 कप्तान सूर्यकुमार यादव ने सलमान अली आगा से हाथ मिलाने से इनकार कर दिया था। भारत ने मैच जीता, जिसके बाद सूर्या ने इस जीत को भारतीय सशस्त्र बलों को समर्पित किया था। मैच खत्म होने पर भी दोनों टीमों ने हाथ नहीं मिलाए।
उस टूर्नामेंट में दोनों टीमें दो बार और आमने-सामने आईं, लेकिन दोनों ही मौकों पर हाथ नहीं मिलाया गया। टीम इंडिया यहीं नहीं रुकी, इसके बाद भारत ने एशियाई क्रिकेट परिषद के अध्यक्ष और पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के चेयरमैन मोहसिन नकवी से एशिया कप ट्रॉफी लेने से इनकार कर दिया। भारतीय महिला टीम ने भी इसी राह पर चलते हुए कोलंबो में महिला विश्व कप मैच के दौरान पाकिस्तान के कप्तान से हाथ मिलाने से परहेज किया।
भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर के लिए यह मुकाबला काफी अहम है। वह कप्तान के तौर पर अपना 150वां टी20 मुकाबला खेल रही हैं। इसके साथ ही वह ऐसा करने वाली पहली खिलाड़ी बन गई हैं। इस लिस्ट में नंबर दो पर श्रीलंका की कप्तान चमारी अट्टापट्टू हैं, जिन्होंने बतौर कप्तान 121 मैच खेले हैं।
