क्रिकेट

ZIM vs NZ, Tri Nation Series: जिंबाब्वे को रौंदकर न्यूजीलैंड ने दर्ज की लगातार दूसरी जीत, फाइनल की ओर बढ़ाए कदम

न्यूजीलैंड ने मेजबान जिंबाब्वे को त्रिकोणीय श्रृंखला के शुक्रवार को खेले गए तीसरे मैच में 8 विकेट से मात देकर लगातार दूसरी जीत दर्ज की। ऐसा रहा मुकाबले के पल पल का हाल?

Image

न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम (फोटो क्रेडिट BLACKCAPS X)

हरारे: न्यूजीलैंड ने मेजबान जिंबाब्वे को त्रिकोणीय श्रृंखला के शुक्रवार को खेले गए तीसरे मैच में 8 विकेट अंतर से मात देकर लगातार दूसरी जीत दर्ज की। न्यूजीलैंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया और कसी हुई गेंदबाजी करते हुए जिंबाब्वे को 20 ओवर में 7 विकेट पर 120 के स्कोर पर रोक दिया। इसके बाद जीत के लिए मिले 121 रन के लक्ष्य को डेवोन कॉन्वे की 40 गेंद में नाबाद 59 रन की नाबाद अर्धशतकीय पारी की बदौलत हासिल कर लिया। ये सीरीज में मिचेल सेंटनर की कप्तानी वाली कीवी टीम की लगातार दूसरी जीत है और मेजबान जिंबाब्वे की लगातार दूसरी हार।

खराब रही जिंबाब्वे की शुरुआत

टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी जिंबाब्वे की शुरुआत खराब रही। पहले विकेट के लिए विसली मधेवीरा और ब्रायन बेनेट ने 37 रन जोड़े। छठे ओवर की दूसरी गेंद पर ये साझेदारी टूट गई। बैनेट 21(2) रन बनाकर मैट हेनरी की गेंद पर कैच दे बैठे। इसके बाद मधेवीरा को क्लाइव मडांडे का साथ मिला। दोनों ने स्कोर को 61 रन तक पहुंचाया लेकिन बढ़ते दबाव में मडांडे रचिन रवींद्र की गेंद पर स्टंपिंग हो गए। वो 8 रन बना सके।मधेवीरा को कप्तान सिकंदर रजा का साथ मिला। दोनों टीम को 12 ओवर में 71 रन तक ले गए।

120 रन बना सकी जिंबाब्वे की टीम

13वें ओवर की पहली गेंद पर मधेवीरा को एडम मिलने ने बोल्ड कर दिया। इसके बाद विकेटों की झड़ी लग गई और रन गति नहीं बढ़ सकी। 20 ओवर में जिंबाब्वे की टीम 7 विकेट पर 120 रन बना सकी। सिंकदर रजा(12), रेयान बर्ल(12) और टोमी मुनयोंगा(13) रन बना सके। न्यूजीलैंड के लिए मैट हेनरी ने 3 विकेट लिए। एक-एक विकेट एडम मिलने, मिचेल सेंटनर, माइकल ब्रेसवेल और रचिन रवींद्र के खाते में गया।

डेवोन कॉन्वे ने जड़ा मैच जिताऊ अर्धशतक

जीत के लिए 121 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड की शुरुआत खराब रही। सलामी बल्लेबाज टिम सीफर्ट को ब्लेसिंग मुजरबानी ने दूसरे ओवर की पहली गेंद पर कैच दे बैठे। इसके बाद कॉन्वे का साथ रचिन रवींद्र देने आए। दोनों ने तेजी से बल्लेबाजी करते हुए टीम को 64 रन तक पहुंचाया लेकिन नौवें ओवर की तीसरी गेंद पर रचिन रवींद्र मपोसा की गेंद पर कैच दे बैठे। उन्होंने 30(19) रन बनाए। इसके बाद कॉन्वे पिच पर डटे रहे और अपना अर्धशतक 34 गेंद में 3 चौके और 2 छक्के की मदद से पूरा किया। उन्होंने डेरिल मिचेल के साथ मिलकर टीम को 13.5 ओवर में जीत दिला दी। मिचेल 26(19) रन बनाकर नाबाद रहे। कॉन्वे को उनकी अर्धशतकीय पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article