क्रिकेट

WPL 2024, MIW vs RCBW: आरसीबी को 7 विकेट से मात देकर अंक तालिका में टॉप पर लौटी मुंबई इंडियन्स

मुंबई इंडियन्स ने आरसीबी को अपने चौथे मुकाबले में 7 विकेट से मात देकर विमेंस प्रीमियर लीग में तीसरी जीत दर्ज करके अंक तालिका में पहले पायदान पर कब्जा कर लिया है।

Image

मुंबई इंडियन्स विमेन

बेंगलुरु: डिफेंडिंग चैंपियन मुंबई इंडियन्स ने हरमनप्रीत कौर के बगैर खेलते हुए शनिवार को खेले गए डब्लूपीएल के मुकाबले में आरसीबी विमेंस को 7 विकेट से मात दी। इस जीत के साथ ही मुंबई इंडियन्स की विमेंस प्रीमियर लीग 2024 की अंक तालिका में टॉप पर वापसी हो हो गई है। मुंबई इंडियन्स की यह चार मैच में तीसरे और चेज करते हुए लगातार 8वीं जीत है। आरसीबी ने पहले बल्लेबाजी करते हुए मुंबई इंडियन्स विमेंस के सामने जीत के लिए 132 रन का लक्ष्य रखा था। जिसे मुंबई ने 29 गेंद और 7 विकेट शेष रहते हासिल कर लिया। कार्यवाहक कप्तान नेट सीवर ब्रंट ने अपने ऑरराउंड शो की बदौलत मुंबई की जीत में अहम भूमिका अदा की। 24 गेंद में 40 रन की नाबाद पारी खेलने वाली एमेलिया कर को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

यस्तिका भाटिया और हैली मैथ्यूज ने दी मुंबई को तेज शुरुआत

मुंबई इंडिन्स को यस्तिका भाटिया और हैली मैथ्यूज की जोड़ी ने तेज शुरुआत दी। चौथे ओवर में भाटिया 46 के स्कोर पर 31 रन बनाकर सोफी डिवाइन की गेंद पर लपकी गईं। उन्होंने 31(15) रन बनाए। इसके बाद मुंबई ने 4.4 ओवर में 50 रन के पार पहुंचा दिया। मैथ्यूज को दूसरे छोर पर कार्यवाहर कप्तान नैट सीवर ब्रंट का साथ मिला। लेकिन 69 के स्कोर पर मैथ्यूज श्रेयांका पाटिल की गेंद पर मंधाना के हाथों लपकी गईं। उन्होंने 26(21) रन बनाए। ऐसे में एमेलिया कर के साथ मिलकर ब्रंट ने मुंबई को तेजी से जीत के करीब पहुंचाया। 118 के स्कोर पर ब्रेंट 25 गेंद में 27 रन बनाकर आउट हुईं। अंत में अमेलिया कर 24 गेंद में 40 और पूजा वस्त्राकर 6 गेंद में 8 रन बनाकर नाबाद रहीं।

एसिस पैरी ने खेली आरसीबी के लिए 44 रन की पारी

इससे पहले मुंबई इंडियंस ने टॉस जीतकर गेंदबाजी करने का फैसला किया। आरसीबी के टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए मुंबई इंडियंस के गेंदबाजों के खिलाफ संघर्ष करती दिखी।आरसीबी के लिए अगर एलिस पैरी ने नाबाद 44 रन और जॉर्जिया वारेहैम ने 27 रन नहीं बनाये होते तथा दोनों ने छठे विकेट के लिए 52 रन की भागीदारी नहीं की होती तो आरसीबी इस स्कोर तक भी नहीं पहुंच पाती। मुंबई की टीम अपनी नियमित कप्तान हरमनप्रीत कौर और मुख्य तेज गेंदबाज शबनम इस्माइल के बिना उतरी जो चोटों से उबर रही हैं। लेकिन मैदान में उनकी कमी नहीं खली।

सस्ते में ढेर हुआ आरसीबी का टॉप ऑर्डर

आरसीबी की शीर्ष क्रम की बल्लेबाज संयम से नहीं खेल सकीं और मुंबई इंडियंस की गेंदबाजों की सही लाइन एवं लेंथ के आगे टिक नहीं सकीं। कप्तान स्मृति मंधाना (11 गेंद में नौ रन) धैर्य खोने के कारण तेज गेंदबाज इसी वोंग की गेंद को मैदान के बाहर पहुंचाने की कोशिश में नैट साइवर ब्रंट को आसान कैच देकर आउट हुईं। टीम की शीर्ष क्रम की अन्य बल्लेबाज ऋचा घोष और एस मेघना के साथ भी ऐसा हुआ। ऋचा को पूजा वस्त्राकर ने अपना शिकार बनाया और मिड ऑफ में संजना संजीवन को कैच देकर आउट हुईं। मेघना को नैट साइवर ब्रंट ने आउट किया।

पैरी-कर ने सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया

पैरी ने हालांकि दिखाया कि ऐसी पिच पर रन कैसे जुटाये जाते हैं, उन्होंने गेंदबाजों के खिलाफ रन जुटाने के लिये सही गेंद चुनीं। उन्होंने लेग स्पिनर अमेलिया कर पर लगातार गेंदों पर पुल और कट शॉट से बाउंड्री लगायी। वारहैम ने भी पैरी का अच्छा साथ निभाते हुए स्ट्राइक रोटेट की और कभी कभी गेंद सीमारेखा के पार भी करायी। मुंबई इंडियंस के लिए नैट साइवर ब्रंट और पूजा वस्त्राकर ने दो दो विकेट हासिल किये। इसी वोंग और साइका इशाक को एक एक विकेट मिला।

(भाषा इनपुट के साथ)

TNN Sports Desk
TNN स्पोर्ट्स डेस्क author

खेलों की रोचक दुनिया में हर दिन, हर पल नए कारनामे और हलचल होती हैं। अगर आपकी खेलों में रुचि है और आप दुनियाभर की खेल गतिविधियों के पल-पल के अपडेट्स, घटनाओं और रिकॉर्ड्स से अपडेट रहना चाहते हैं, तो आपको इस प्लेटफॉर्म पर ये सबकुछ एक साथ मिल जाएगा। यहां न केवल आपको नई और रोचक जानकारियां मिलेंगी बल्कि खेल की दुनिया को देखने और समझने का एक नया नजरिया भी मिलेगा। तो आप भी टाइम्स नाउ नवभारत के स्पोर्ट्स सेक्शन से जुड़ें और रोजाना खेल की जोश, रोमांच, उत्साह और प्रतिस्पर्धा भरी दुनिया के रोचक अपडेट्स के साथ अपने दिन को शानदार बनाएं।

और पढ़ें
End of Article