CSK Player ruled out of IPL 2023 : आईपीएल की दूसरी सबसे सफल टीम चेन्नई सुपर किंग्स को आईपीएल शुरू होने से पहले फिर बड़ा झटका लगा है। टीम का स्टार गेंदबाज मुकेश कुमार पूरे लीग से बाहर हो गए हैं। मुकेश कुमार ने पिछले सीजन में शानदार प्रदर्शन किया था। आईपीएल के 16वें सीजन के ओपनिंग मैच में चेन्नई सुपर किंग्स का पहला मैच गुजरात जाएंट्स से होगा। यह मुकाबला अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में शाम 7.30 बजे से खेला जाएगा।
जेमीसन के बाद दूसरा झटका
चेन्नई सुपर किंग्स को दूसरा बड़ा झटका लगा है। 2022 में हुए ऑक्शन में बेस प्राइस में खरीदने वाले मुकेश कुमार चोट के कारण लीग से बाहर हो गए हैं। इससे पहले काइल जेमीसन बाहर हुए थे। उनकी पीठ में स्ट्रेस फैक्चर बताया गया था। चेन्नई सुपर किंग्स ने ऑक्शन में काइल जेमीसन को एक करोड़ रुपए में खरीदा था। मुकेश कुमार की जगह टीम में आकाश सिंह को शामिल किया गया है।
ऐसा रहा था मुकेश का प्रदर्शन
मुकेश कुमार पिछले सीजन में चेन्नई के लिए काफी सही साबित हुए थे। स्टार गेंदबाज दीपक चाहर की गैरमौजूदगी में मुकेश ने शानदार गेंदबाजी की थी। मुकेश ने कुल 13 मैचों में 9.32 की इकोनॉमी के तहत कुल 16 विकेट झटके थे। वे सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ चार विकेट लिए थे।
ये खिलाड़ी भी हो चुके हैं बाहर
आईपीएल के शुरू होने से पहले कई टीमों को झटका लग चुका है। इसमें चेन्नई सुपर किंग्स से लेकर मुंबई इंडियंस टीम शामिल है। चेन्नई सुपर किंग्स के अलावा मुंबई इंडियंस के जसप्रीत बुमराह, झाई रिचर्डसन, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर के विल जैक्स, दिल्ली कैपिटल्स के रिषभ पंत, पंजाब किंग्स के जॉली बेयरस्टो और राजस्थान रॉयल के प्रसिद्ध कृष्णा लीग से बाहर हो चुके हैं।
