क्रिकेट

Jonny Bairstow Run Out: अपने धोनी होते तो रन आउट नहीं होते जॉनी बेयरस्टो

  • Authored by: समीर कुमार ठाकुर
  • Updated Jul 3, 2023, 03:57 PM IST

एशेज सीरीज के दूसरे टेस्ट के 5वें दिन हुए रन आउट का विवाद बढ़ता ही जा रहा है। जॉनी बेयरस्टो के इस रन आउट पर क्रिकेट जगत दो खेमों में बंट गया है। फैंस पूर्व भारतीय कप्तान एमएस धोनी को भी याद कर रहे हैं, जिन्होंने कभी इस तरह के रन आउट का निर्णय वापस ले लिया था।

Image

एमएस धोनी और जॉनी बेयरस्टो (साभार-Twitter)

KEY HIGHLIGHTS
  • जॉनी बेयरस्टो के रन आउट विवाद पर याद आए धोनी
  • कभी धोनी ने दिखाई थी खेल भावना
  • एलेक्स कैरी ने बेयरस्टो को किया था रन आउट

एशेज सीरीज के लॉर्ड्स टेस्ट के 5वें दिन बेन स्टोक्स ने अकेले अपने 155 रन की बेहतरीन पारी के दम पर मैच में अपनी टीम की उम्मीदों को जिंदा रखा। इसके बावजूद लॉर्ड्स टेस्ट में सबसे ज्यादा चर्चा जॉनी बेयरस्टो के उस अप्रत्याशित रन आउट की हो रही है, जिसने नियम और खेल भावना को मानने वालों को दो खेमों में बांट दिया है। ऑस्ट्रेलिया की टीम फिलहाल एशेज सीरीज में 2-0 से आगे है।

5वां दिन 52वां ओवर

यह घटना 5वें दिन के पहले सेशन से ठीक पहले घटी। 52वां ओवर कैमरन ग्रीन डाल रहे थे। उन्होंने शॉर्ट वाइड गेंद डाली, जिसे जॉनी बेयरस्टो ने झूक कर डक किया और बिना पीछे देखे अपने पार्टनर बेन स्टोक्स की ओर जाने लगे। एलेक्स कैरी ने सूझबूझ का परिचय देते हुए गेंद स्टंप में मारी और बेयरस्टो को दुर्भाग्यपूर्ण तरीके से रन आउट होकर वापस जाना पड़ा।

बेयरस्टो के रन आउट पर विवाद

बेयरस्टो का रन आउट होना एमसीसी के नियम के अनुसार बिल्कुल जायज था। इसके बावजूद इस मुद्दे पर क्रिकेट जगत दो खेमों में बंट गया। एक खेमा खेल भावना की बात कर रहा है तो दूसरा नियमों की दुहाई दे रहा है।

पहली बार नहीं हुआ ऐसा

ऐसा पहली बार नहीं हुआ है जब फील्डिंग करने वाली टीम ने किसी को इस तरह से आउट किया है। इससे पहले भी इस तरह की घटनाएं हुई हैं। एक में तो वर्तमान में इंग्लैंड टीम के कोच रहे ब्रैंडन मैकुलम शामिल थे, जबकि एक अन्य घटना में भारतीय कप्तान एमएस धोनी भी मौजूद थे, लेकिन उन्होंने खेल भावना का परिचय देते हुए बल्लेबाज को वापस बुलवा लिया था।

धोनी ने इयान बेल को बुलाया था वापस

यह घटना साल 2011 में घटी थी, जब टी ब्रेक से ठीक पहले इयान बेल ने 3 रन लिए और पवेलियन की तरफ चल पड़े, जबकि अब तक बाउंड्री लाइन से गेंद वापास आई भी नहीं थी। अभिनव मुकुंद ने गेंद ली और स्टंप बिखेर दिया। अंपायर ने इयान बेल को आउट करार दिया। लेकिन भारतीय कप्तान एमएस धोनी ने खेल भावना का अद्बुत परिचय देते हुए यह अपील वापस ले ली। उस वक्त 137 रन के स्कोर पर बल्लेबाजी कर रहे बेल ने 159 बनाए। इंग्लैंड ने यह मुकाबला 319 रन के अंतर से जीता था।

समीर कुमार ठाकुर
समीर कुमार ठाकुर author

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटब... और देखें

End of Article