क्रिकेट

टेस्ट क्रिकेट में वापसी करना चाहते हैं 'मिस्टर 360', लेकिन टक्कर देने के लिए ये भारतीय खड़े हैं सामने

Suryakumar Yadav On His Test Cricket Ambitions: भारत के नए टी20 कप्तान और मिस्टर 360 के नाम से मशहूर सूर्यकुमार यादव, इन दिनों घरेलू क्रिकेट खेल रहे हैं। बुची बाबू टूर्नामेंट के बाद सूर्यकुमार दलीप ट्रॉफी भी खेलेंगे। इस बीच उन्होंने भारत के लिए टेस्ट क्रिकेट में वापसी करने की अपनी ख्वाहिश जाहिर की। हालांकि, वह खुद भी यह मानते हैं कि यह उतना आसान नहीं होने वाला है क्योंकि कई दिग्गज पहले से रेस में आगे दिख रहे हैं।

Image

सूर्यकुमार यादव (Instagram)

KEY HIGHLIGHTS
  • सूर्यकुमार यादव ने जाहिर की अपनी ख्वाहिश
  • टेस्ट क्रिकेट में वापसी करने को बेताब सूर्या
  • सूर्यकुमार की राह में खड़े हैं कई साथी खिलाड़ी

टी20 फॉर्मेट के सबसे खतरनाक बल्लेबाज और टीम इंडिया के टी20 कप्तान सूर्यकुमार यादव, इन दिनों घरेलू क्रिकेट खेल रहे हैं। बुची बाबू टूर्नामेंट के बाद सूर्यकुमार दलीप ट्रॉफी भी खेलेंगे। इस बीच उन्होंने भारत के लिए टेस्ट क्रिकेट में वापसी करने की अपनी ख्वाहिश जाहिर की। हालांकि, वह खुद भी यह मानते हैं कि यह उतना आसान नहीं होने वाला है।

टी20 फॉर्मेट में अपनी धाक साबित कर चुके सूर्यकुमार अन्य दोनों फॉर्मेट में टीम में सेट नहीं हो पा रहे। उन्हें बार-बार मौका जरूर मिला है, लेकिन वह इसको भुनाने में सफल नहीं रहे हैं। मुंबई के ही सरफराज खान और श्रेयस अय्यर के अलावा केएल राहुल और रजत पाटीदार टेस्ट टीम में जगह बनाने के मामले में सूर्यकुमार से आगे हैं। लेकिन सूर्यकुमार घरेलू क्रिकेट में प्रदर्शन कर भारतीय टीम में वापसी करना चाहते हैं।

बुची बाबू टूर्नामेंट खेलने कोयंबटूर पहुंचे सूर्यकुमार ने मुंबई के ट्रेनिंग सेशन के बाद कहा, "काफी लोगों ने अपनी जगह बनाने के लिए मेहनत की है और मैं भी इस जगह को दोबारा हासिल करना चाहता हूं। मैंने टेस्ट में इंडिया के लिए डेब्यू किया था, इसके बाद मैं चोटिल भी हो गया। बहुत लोगों को मौके भी मिले और उन्होंने अच्छा भी किया है।

ईएसपीएनक्रिकइन्फो की एक रिपोर्ट के मुताबिक सूर्यकुमार ने कहा, "अगर मेरी जगह बनती है तो मुझे भी मौका मिलेगा, लेकिन यह मेरे हाथ में नहीं है। मेरे बस में सिर्फ इतना है कि मैं बुची बाबू और दलीप ट्रॉफी में प्रदर्शन करूं और अपनी बारी का इंतजार करूं।"

इस समय सूर्यकुमार बुची बाबू टूर्नामेंट का हिस्सा बनने कोयंबटूर पहुंचे हैं, जिसके बाद वह दलीप ट्रॉफी में हिस्सा लेने के लिए अनंतपुर का रुख करेंगे। सूर्यकुमार, ऋतुराज गायकवाड़ के नेतृत्व वाली इंडिया 'सी' टीम का हिस्सा हैं।

सूर्यकुमार ने कहा, "लाल गेंद क्रिकेट हमेशा से मेरी प्राथमिकता रही है। जब मैं बड़ा हो रहा था, उसी दौरान मुंबई के मैदानों में खेलते हुए लंबे प्रारूप की क्रिकेट के प्रति मेरा लगाव बढ़ता गया। मैंने पिछले 10 वर्षों में काफी प्रथम श्रेणी क्रिकेट खेली है। मैं हमेशा मुंबई के लिए खेलने के लिए मिलने वाले अवसर का लाभ उठाना चाहूंगा, चाहे वो बुची बाबू या दलीप ट्रॉफी हो। काफी खिलाड़ियों ने इन टूर्नामेंट में अच्छा प्रदर्शन किया है और आगे चलकर उन्हें देश के लिए खेलने का मौका मिला है।"

प्रथम श्रेणी क्रिकेट में सूर्यकुमार के आंकड़े अच्छे हैं। उन्होंने 82 प्रथम श्रेणी मैच में 43.62 की औसत से 5628 रन बनाए हैं, जिसमें 14 शतक और 29 अर्धशतक शामिल हैं।

(IANS)

Shivam Awasthi
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article