क्रिकेट

Asian Cricket Council New President: मोहसिन नकवी को मिली नई जिम्मेदारी, बने ACC के नए प्रेसिडेंट

Asian Cricket Council New President: एशियन क्रिकेट काउंसिल को अपना नया अध्यक्ष मिल गया। पीसीबी चीफ मोहसिन नकवी को यह जिम्मेदारी दी गई है। नकवी 2027 तक अध्यक्ष बने रहेंगे।

Image

एशियन क्रिकेट काउंसिल के नए प्रेसिडेंट मोहसिन नकवी (साभार-X)

Asian Cricket Council New President: पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB के अध्यक्ष मोहसिन नकवी ने बृहस्पतिवार को श्रीलंका क्रिकेट के प्रमुख शम्मी सिल्वा की जगह एशियाई क्रिकेट परिषद (एसीसी) के अध्यक्ष का पदभार संभाला। एसीसी अध्यक्ष पद सदस्य देशों के बीच बारी-बारी से बदलता रहता है और अब पाकिस्तान की बारी है। नकवी 2027 तक अध्यक्ष बने रहेंगे।

नकवी की पहली चुनौती पुरुषों के एशिया कप का सुचारू आयोजन होगा जो टी20 प्रारूप में खेला जाएगा। टूर्नामेंट सितंबर में आयोजित किया जाना है लेकिन आयोजन स्थल की घोषणा अभी नहीं की गई है। मीडिया विज्ञप्ति में नकवी के हवाले से कहा गया, ‘‘मैं एशियाई क्रिकेट परिषद के अध्यक्ष पद पर काबिज होकर बहुत सम्मानित महसूस कर रहा हूं।’’

नकवी ने क्षेत्र में खेल के विकास में तेजी लाने के लिए सामूहिक रूप से काम करने का वादा किया। उन्होंने कहा, ‘‘मैं खेल के विकास और वैश्विक प्रभाव को बढ़ाने के लिए सभी सदस्य बोर्ड के साथ काम करने के लिए प्रतिबद्ध हूं। साथ मिलकर हम नए अवसरों को खोलेंगे, अधिक सहयोग को बढ़ावा देंगे और एशियाई क्रिकेट को अभूतपूर्व ऊंचाइयों पर ले जाएंगे।’’

नकवी ने कहा, ‘‘मैं उनके कार्यकाल के दौरान एसीसी में नेतृत्व और योगदान के लिए निवर्तमान एसीसी अध्यक्ष को भी हार्दिक धन्यवाद देता हूं।’’

बृहस्पतिवार की एसीसी बैठक वर्चुअली आयोजित की गई थी। भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) का प्रतिनिधित्व उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने किया जो एसीसी बोर्ड के सदस्य भी हैं। सिल्वा ने एसीसी समुदाय, विशेष रूप से बीसीसीआई के पूर्व सचिव और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) के मौजूदा अध्यक्ष जय शाह की सराहना की।

उन्होंने कहा, ‘‘मैं अपने पूर्ववर्ती, आईसीसी के अध्यक्ष जय शाह के प्रति आभार व्यक्त करता हूं जिनके नेतृत्व में एसीसी ने कई महत्वपूर्ण उपलब्धिां हासिल की जिसमें एसीसी एशिया कप व्यावसायिक अधिकारों के लिए अब तक का सबसे अधिक मूल्य हासिल करना, नई कार्यक्रम संरचना शुरू करना और एशिया में क्रिकेट के निरंतर विकास का मार्ग प्रशस्त करना शामिल है।’’ सिल्वा ने कहा, ‘‘जब मैं पद छोड़ रहा हूं तो मुझे पूरा विश्वास है कि नकवी के सक्षम नेतृत्व में एसीसी अपनी उल्लेखनीय यात्रा जारी रखेगा और आगे बढ़ेगा।’’ एसीसी के भारत, पाकिस्तान, श्रीलंका, बांग्लादेश और अफगानिस्तान सहित कुल 30 सदस्य हैं।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article