इंग्लैंड के खिलाफ पहली पारी में जिस तरह से बाबर आजम आउट हुए, उसको लेकर पाकिस्तान के पूर्व बल्लेबाज मोहम्मद यूसुफ ने उनकी बल्लेबाजी तकनीक पर सवाल उठाए हैं। पहली पारी में बाबर आजम 8 रन के निजी स्कोर पर जोश टंग की बाहर जाती गेंद पर स्लिप में कैच आउट हो गए थे। यूसुफ ने अलग-अलग मैच में उनका आउट होते हुए एक वीडियो शेयर किया है और इसके पीछे कोच को जिम्मेदार ठहराया है।
उन्होंने अपने पोस्ट में लिखा 'कुछ साल पहले हमने इस बाबर और अन्य पाकिस्तानी खिलाड़ियों के इस कमजोरी के बारे में सबका ध्यान दिलाया था, लेकिन उनके करीबी कोच ने इस पर ध्यान नहीं दिया जिसे आसानी से सुलझाया जा सकता था। असफलता, पाकिस्तान क्रिकेट को लगातार नीचे ले जा रही है। ऐसे कोच गेम के लिए जहर की तरह हैं। उनमें विजन की कमी है, वे प्रगति में बाधा डालते हैं और सबसे प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को भी गुमराह करते हैं।
अगर हमारे क्रिकेटर यह नहीं सीखते कि किसकी बात सुननी चाहिए, तो उनका करियर समय से बहुत पहले ही खत्म हो जाएगा। बांग्लादेश से लेकर इंग्लैंड तक, हमारे खिलाड़ियों की खराब तकनीक अब बुरी तरह से उजागर हो चुकी है। जो सुधार वर्षों पहले किया जा सकता था, वह अब एक स्पष्ट कमजोरी बन गया है, जिससे पाकिस्तान क्रिकेट अंतरराष्ट्रीय मंच पर कमजोर और संघर्ष करता नजर आ रहा है।
यूसुफ की यह दलील इसलिए भी सही कही जा सकती है, क्योंकि इंग्लैंड दौरे पर पाकिस्तान की बल्लेबाजी पूरी तरह से एक्सपोज हो चुकी है। पहले टेस्ट से लेकर दूसरे टेस्ट में पाकिस्तान की टीम अब तक एक बार भी 150 रन का आंकड़ा नहीं छू पाई है। लॉर्ड्स टेस्ट की पहली पारी में तो टीम 110 रन बनाकर ही ढेर हो गई। ऐसे में पाकिस्तान क्रिकेट का भला चाहने वालों को मोहम्मद यूसुफ के इन आरोपों के बारे में बात करनी चाहिए और इसके सुधार को लेकर ध्यान देना चाहिए।
