एक साल के भीतर लगातार घर पर क्लीन स्वीप झेलने के बाद टीम इंडिया के खिलाड़ियों और कोच गौतम गंभीर के कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं। इस क्रम में पूर्व भारतीय क्रिकेटर मोहम्मद कैफ भी पीछे नहीं हैं। उन्होंने बताया है कि आखिर एमएस धोनी और विराट कोहली बतौर कप्तान क्यों घर पर ज्यादा सफल रहे। अपने एक्स हैंडल पर एक वीडियो शेयर करते हुए, कैफ ने धोनी की नेतृत्व क्षमता की तारीफ की। उन्होंने कहा, धोनी ने खिलाड़ियों का सपोर्ट करके ऐसा माहौल बनाया जहां वे सहज महसूस करते थे।
कैफ ने कहा 'क्या आप जानते हैं कि धोनी और विराट कोहली इतने महान कप्तान क्यों बने? धोनी ने पहले खिलाड़ियों का समर्थन किया, एक ऐसा माहौल बनाया जहां खिलाड़ी सहज महसूस करें, और फिर उनका समर्थन किया। उन्होंने अश्विन, जडेजा और यहां तक कि प्रज्ञान का भी इस्तेमाल किया और सभी ने विकेट लिए। धोनी की कप्तानी में टीम इंडिया ने 30 में से 21 में जीत हासिल की।
उन्होंने आगे विराट की बात करते हुए कहा 'विराट कोहली धोनी से एक कदम आगे निकले। उनकी आक्रामकता तब सामने आती थी जब टीम मुश्किल में होती है या फंस जाती है। कोहली ने अपने गेंदबाजों से कहा, "अगर खेलना है तो 20 विकेट लेने होंगे, वरना मैदान पर मत आना। आपको पता है, कोहली ने 31 टेस्ट मैचों में कप्तानी करते हुए घरेलू मैदान पर केवल दो टेस्ट मैच गंवाए हैं। कोहली अपनी कोर टीम को बरकरार रखने में विश्वास रखते थे।"
उन्होंने आगे कहा, कोहली के कप्तान रहते हुए दक्षिण अफ्रीका पहले आया था। वे बुरी तरह हार गए थे। विराट ने अपने तेज़ गेंदबाज़ों का इस्तेमाल किया और विरोधी टीम का जायज़ा लेने के बाद स्पिनरों का भी भरपूर इस्तेमाल किया। यही उनकी ख़ासियत थी, जिसकी वजह से कोहली और धोनी दोनों इतने महान कप्तान बने।" विराट घरेलू मैदान पर सबसे सफल भारतीय टेस्ट कप्तान हैं। कोहली ने अपनी टीम को 31 मैचों में 24 जीत दिलाई हैं, जो टेस्ट मैचों में भारतीय कप्तानों के बीच बेजोड़ रिकॉर्ड है।
