स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। भारत के पूर्व क्रिकेटर और कमेंटेटर मोहम्मद कैफ ने रोहित शर्मा के इंटरनेशनल भविष्य को लेकर बढ़ती अटकलों के बीच उनका समर्थन किया है। उन्होंने कहा कि रिटायरमेंट एक निजी फैसला है और इसे लोगों की राय के आधार पर तय नहीं किया जाना चाहिए। कैफ ने इस बात पर भी जोर दिया कि रोहित शर्मा को कप्तान शुभमन गिल और टीम मैनेजमेंट का समर्थन मिलना चाहिए, जिससे उन पर से दबाव कम हो और खुलकर खेल सकें।
हाल ही में इंग्लैंड के खिलाफ तीसरे वनडे में लॉर्ड्स के मैदान पर ऐतिहासिक शतक लगाकर रोहित ने आलोचकों का मुंह बंद कर दिया। 110 गेंद पर 138 रन की उनकी पारी ने उन्हें इस मशहूर मैदान पर वनडे शतक लगाने वाला पहला भारतीय बल्लेबाज बना दिया। यह पारी ऐसे समय में आई जब ऐसी अफवाहें जोर पकड़ रही थीं कि लॉर्ड्स का यह मैच 2027 वनडे वर्ल्ड कप से पहले उनका आखिरी इंटरनेशनल मैच हो सकता है।
रोहित को मिलनी चाहिए आजादी
बीसीसीआई ने पहले ही रिटायरमेंट की इन अफवाहों को खारिज कर दिया था और रोहित ने खुद भी अपने बल्ले से इसका सबसे अच्छा जवाब दिया। भारतीय कप्तान को लेकर चल रही बहस पर प्रतिक्रिया देते हुए कैफ ने कहा कि रोहित ने भारी बाहरी दबाव के बावजूद अच्छा प्रदर्शन जारी रखा है और उन्हें यह तय करने की आजादी मिलनी चाहिए कि वे कब अपने करियर को अलविदा कहें।
'रिटायरमेंट का फैसला उनका'
कैफ ने अपने एक्स अकाउंट पर एक वीडियो पोस्ट करते हुए कहा, हो गया रोहित का रिटायरमेंट, कटवा ली नाक। रोहित शर्मा के रिटायरमेंट का फैसला खुद रोहित शर्मा ही करेंगे। उन्हें इसका हक है। उन्होंने भारत के लिए बहुत किया है। उन्हें अपनी मर्जी से रिटायर होने का हक है। 12,000 रन, 34 शतक- जब तक वह कप्तान रहे, उन्होंने भारत को व्हाइट बॉल क्रिकेट में कभी हारने नहीं दिया। वह कितने शानदार कप्तान रहे हैं। फिर भी उन पर इतना दबाव है, लोग लगातार कह रहे हैं, 'रोहित शर्मा, अब रिटायर होने का समय आ गया है।' इतने दबाव के बावजूद, वह लॉर्ड्स में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बने। जिस मैदान में किसी और भारतीय बल्लेबाज ने शतक नहीं लगाया, यह शतक रोहित के बल्ले से निकला।
कप्तान और मैनेजमेंट का मिले साथ
कैफ ने आगे कहा, सोचिए अगर कप्तान के तौर पर शुभमन गिल सबके सामने कहें, 'रोहित भाई, मुझे 2027 वर्ल्ड कप के लिए आपकी जरूरत है।' या फिर बीसीसीआई साफ तौर पर कहे कि रोहित जब तक चाहें भारत के लिए खेल सकते हैं और कोई उन पर सवाल न उठाए। इस तरह का सपोर्ट बहुत बड़ा फर्क लाएगा। अभी वह दबाव में हैं, क्योंकि हर कोई उनके फेल होने का इंतजार कर रहा है। लेकिन जब उन्हें पता होगा कि उनके कप्तान, कोच और BCCI मजबूती से उनके साथ खड़े हैं, तो वह भारत के लिए हिमालय भी फतह कर सकते हैं। मुझे उम्मीद है कि लोग फिज़ूल की बातें बंद करेंगे और रोहित शर्मा को शांति से खेलने देंगे।
