क्रिकेट

IND vs AUS: करो या मरो मैच से पहले ऑस्ट्रेलिया कप्तान ने दी टीम इंडिया को बड़ी चुनौती

  • Agency by: Agency
  • Updated Jun 23, 2024, 03:52 PM IST

IND vs AUS: ऑस्ट्रेलिया कप्तान मिचेल मार्श ने रोहित शर्मा एंड कंपनी के खिलाफ मैच से पहले प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने बताया है कि टीम इंडिया के खिलाफ हमारी टीम मजबूती से वापसी करेगी। ऑस्ट्रेलिया को टूर्नामेंट में बने रहने के लिए हर हाल में यह मुकाबला जीतना होगा।

Image

भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया (साभार -t20 world cup)

KEY HIGHLIGHTS
  • भारत और ऑस्ट्रेलिया का मुकाबला
  • करो या मरो वाला होगा ऑस्ट्रेलिया के लिए मुकाबला
  • मैच से पहले ऑस्ट्रेलिया कप्तान ने दी चुनौती

IND vs AUS: अफगानिस्तान की जीत ने ऑस्ट्रेलिया की सेमीफाइनल में पहुंचने की राह को कठिन बना दिया है। अब ऑस्ट्रेलिया को हर हाल में 24 जून को भारत के खिलाफ होने वाले मैच में जीत दर्ज करनी होगी। लेकिन यह कर पाना उसके लिए आसान बिल्कुल नहीं होगा क्योंकि टीम इंडिया इस टी20 वर्ल्ड कप में अजेय रही है। लेकिन मुश्किल परिस्थिति में ऑस्ट्रेलिया वापसी करना जानती है। इस मुकाबले से पहले ऑस्ट्रेलिया के कप्तान मिचेल मार्श ने रोहित एंड कंपनी को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दी है।

ऑस्ट्रेलिया के कप्तान मिशेल मार्श ने कहा कि उनकी टीम दबाव में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करती है तथा वह अफगानिस्तान से मिली हार से उबरकर भारत के खिलाफ सोमवार को होने वाले करो या मरो मैच में शानदार वापसी करेगी। ऑस्ट्रेलिया को टी20 विश्व कप के सुपर 8 के मैच में अफगानिस्तान से 21 रन से हार का सामना करना पड़ा जिससे उसकी सेमीफाइनल में पहुंचने की उम्मीदों को करारा झटका लगा है। ऑस्ट्रेलिया को अब भारत के खिलाफ सुपर 8 के अपने अंतिम मैच में न सिर्फ जीत दर्ज करनी होगी बल्कि अच्छा नेट रन रेट भी बनाए रखना होगा।

मार्श ने संवाददाताओं से कहा,‘‘यह महत्वपूर्ण मैच है जो भारत के खिलाफ होगा और इसमें हमें हर हाल में जीत दर्ज करनी होगी। अगर हमारी इस टीम के इतिहास को देखें तो हमारे खिलाड़ी दबाव में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हैं। हमारे खिलाड़ी निश्चित रूप से इसके लिए पूरी तरह तैयार होंगे।’’

उन्होंने कहा,‘‘हमारे लिए चीजें अब स्पष्ट हैं। हमें खुद पर भरोसा रखना होगा। हमारे पास बहुत अच्छे खिलाड़ी हैं और मेरा मानना है कि हम सर्वश्रेष्ठ टीमों के खिलाफ अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते रहे हैं। हमें सब कुछ भूलकर आगे बढ़ना होगा और अपना सबसे अच्छा प्रदर्शन करना होगा।’’ अफगानिस्तान के खिलाफ हार से ऑस्ट्रेलिया का टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में आठ मैच का विजय अभियान थम गया।

मार्श ने कहा,‘‘ हमें इस हार से वापसी करनी होगी। हमारा अपने इन खिलाड़ियों पर बहुत भरोसा है। हमारी टीम बहुत अच्छी है लेकिन आज का दिन हमारा नहीं था लेकिन सकारात्मक बात यह है कि हमें 36 घंटे के अंदर वापसी करने का मौका मिल रहा है।’’

End of Article